अंबिकापुर।राजपुर
(समाचारवाणी)
बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कुंदीकला ग्राम के बांधपारा जंगल में हाथी के हमले से एक ग्रामीण दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक सुबह घर से 200 मीटर दूर जंगल के अंदर गए थे जहाँ दल से बिछड़े नर दंतेल ने हमला कर ग्रामीण दम्पति की जान ले ली।अभी भी 5 हाथियों का दल जंगल में विचरण कर रहा है। घटना के बाद भी हाथी आक्रमक था और शव के पास मंडरा रहा था।
बताया जा रहा है कि सूरजपुर वन मंडल के कल्याणपुर की ओर से रात को 7:00 बजे पांच हाथियों का दल कल्याणपुर अकोड़ा जावा खान जाम दोर बदौली की ओर से कुंदी कला ग्राम के जंगल में पहुंचा जहां सुबह 5:00 बजे शौच और लकड़ी लेने गए 65 वर्षीय जूठन राम और 55 वर्षीय पत्नी सुंदरी बाई पर दल से बिछड़े एक हाथी ने हमला कर दिया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दूसरी ओर ग्रामीण बताते हैं कि पिछले 3 महीने से जाम दोहर,बदौली, जवाखाड़ कोरवा बस्ती के सटे जंगल में तीन हाथी मौजूद थे,और उनके डर से ग्रामीणों ने जंगल जाना छोड़ दिया था। दो-तीन पूर्व भी बदौली जंगल में हाथी के होने से ग्रामीण मार्ग परिवर्तित कर दूसरी ओर से शहर आना-जाना कर रहे थे। कभी तीन और कभी दो और कभी पंच हाथियों के आवागमन और इलाके में पहले हुई मौत घर और फसलों की क्षति होने से ग्रामीण भयभीत थे और हाथियों से मुक्ति की मांग कर रहे थे इस इलाके में गन्ने और सब्जी की फसल होने से हाथी लगातार इस इलाके में जमे हुए हैं।
वन विभाग ने दी मुआवजा राशि..
मौके पर उप वनमंडलाधिकारी आरएसएल श्रीवास्तव, वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, डिप्टी रेंजर मालती मांझी मौके पर पहुंचे।मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25-25 हज़ार रुपए प्रदान की जारी है। गांव- गांव में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की समस्या दी जा रही है।
कैसे हुई घटना..
आज सुबह करीब 5 बजे वन कक्ष क्रमांक पी 2740 के भीतर ग्राम कुंदी के बांधपारा निवासी 65 वर्षीय जूठन पिता नानसाय गोड पत्नी 55 वर्षीय सुंदरी बाई दोनो अल सुबह उठकर घर से करीब 2 सौ मीटर दूर जंगल की ओर जा रहे थे । इस दंपति का अचानक एक हाथी से सामना हो गया। हाथी के हमले से इस दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। गांव वालों ने इसकी सूचना तत्काल वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा को दी। वन परिक्षेत्राधिकारी ने इसकी सूचना वन मंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी को दी। वन परिक्षेत्राधिकारी ने बताया कि 5 हाथियों का दल कल्याणपुर जंगल मे विचरण कर रहा था। आज सुबह करीब 5 बजे एक दंतैल हाथी गांव से लगे जंगल में पहुंचकर वृद्ध दंपती पर हमला कर दिया। वन विभाग द्वारा मृतक दंपति को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौक़े पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी है। हाथी मित्र दल के पांच सदस्य लगातार हाथियों की निगरानी में जुटे हैं और रेंज ऑफिसर अजय वर्मा वन कर्मियों के साथ आसपास के गांव में मुनादी करा कर हाथियों से सतर्क रहने की समझाइश दे रहे हैं। कुंदी जंगल में इस हाथी के होने से कुंदी, बदौली जाम दोहर,सिधमा, अखोरा,खुखरी, उधवाकटरा, चांची,खोड़रो, धंधापुर बरियों इलाके में ग्रामीण सतर्क हैं,और आसपास के इलाकों में जंगली हाथियों के संभावित विचरण को देखते हुए ग्रामीण सतर्क होकर एक दूसरे से संपर्क कर रहे हैं।






