सुशासन तिहार का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण उनके गांव में ही करना है :विधायक उद्देश्यवरी पैकरा

सुशासन तिहार का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण उनके गांव में ही करना है :विधायक उद्देश्यवरी पैकरा

samacharvani.com
0

 


अंबिकापुर।राजपुर

(समाचारवाणी) 

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत “गांव-गांव, द्वार-द्वार जनसमस्या निवारण शिविर” का आयोजन मंगलवार को राजपुर विकासखंड के ग्राम सिधमा में आम पेड़ के नीचे किया गया। शिविर में क्षेत्र की 11 ग्राम पंचायतों आरा, अमड़ीपारा, घटगांव, बादा, ककना, सिधमा, अखोराखुर्द, मदनेश्वरपुर, बरियों, भिलाईखुर्द और बधिमा के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी भी दी गई। बरियों के किसानों ने परियों में एक कोऑपरेटिव बैंक खोले जाने का विधायक से मांग किए हैं।  सुशासन तिहार ग्राम पंचायत सिधमा मे आयोजित समाधान शिविर मे कुल 303 आवेदन आया जिसमे 290 मांग का आवेदन एवं 13 शिकायत के थे। शिविर में बीज वितरण, सामुदायिक पट्टा वितरण, प्रधानमंत्री आवास की चाबी, प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना से जवाहर गोड़ को 2 लाख का सहायता राशि दिया गया।















कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा ने शिविर स्थल पहुंचकर सभी विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में उन्होंने दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कर उन्हें पूजन सामग्री एवं श्रृंगार सामग्री भेंट की।

अपने संबोधन में विधायक उद्देश्वरी पैंकरा ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण उनके गांव में ही करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन के आवेदन पर गंभीरता से कार्य करते हुए समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए और यदि किसी कार्य में समय लगे तो आवेदक को स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक पंचायत में योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए।

विधायक ने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है, इसलिए सभी विभाग पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बारिश के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं स्वास्थ्य विभाग से मानसून के दौरान बीमारियों की रोकथाम और आवश्यक चिकित्सा तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने सिधमा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने तथा विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण और अन्य स्थानीय समस्याओं की ओर विधायक का ध्यान आकर्षित किया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अमड़ीपारा के कोरवा बस्ती में ट्रांसफार्मर स्थापना की मांग पर भी विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।



खाद्यान्न और अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए विधायक ने कहा कि राशन कार्ड, महतारी वंदन योजना तथा किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से समय पर ई-केवाईसी कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे खातों का सत्यापन और नियमित संचालन होता है तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता है।

प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए गए हैं और पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ मिल रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र परिवार को आवास और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत ने महतारी वंदन योजना, श्रम विभाग की योजनाओं और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की जानकारी देते हुए कहा कि श्रमिक पंजीयन कराने वाले परिवारों को जीवन बीमा, छात्रवृत्ति और अन्य कई सुविधाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने पात्र लोगों से श्रम विभाग में पंजीयन कराने की अपील की।

जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देना है। अब विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव में पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले शिविरों में प्राप्त कई मांगों का त्वरित निराकरण किया गया है और भविष्य में भी इसी तरह कार्य जारी रहेगा।

भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने कहा कि सरकार किसानों और महिलाओं के हित में लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों में पहुंचाया जा रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सड़क, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।

पूर्व जनपद अध्यक्ष कमला प्रसाद ने क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताते हुए गागर क्षेत्र के जल संरक्षण और सिंचाई संसाधनों के विकास की मांग रखी। वहीं बरियों भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने कहा कि शिविर में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित हैं, इसलिए ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रखें और समय-सीमा में समाधान प्राप्त करें।


शिविर में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, अजित सिंह, प्यारेलाल जायसवाल, सुनील जायसवाल, उदय यादव, जनपद सदस्य सरिता पैकरा, सुमन गुप्ता, बृजलाल सिंह, राजेश्वर पैंकरा, कमला सिंह, जिला पंचायत सदस्य अनार सिंह, एसडीएम देवेंद्र प्रधान, जनपद सीईओ संजय दुबे, एसडीओ रविशंकर श्रीवास्तव, रेंजर अजय वर्मा,नायब तहसीलदार नरेन्द्र कंवर , एसडीओ महेंद्र सांडिल्य,  बीएमओ डॉ. रमेश जायसवाल,डॉक्टर ए.पी. गुप्ता,डॉ. अवधेश साहू, पंचायत निरीक्षक फूलमोहन राम, श्यामलाल गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)