- 7900 लीटर नकली घी जब्त कर प्रशासन, पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध नकली घी बनाने की फैक्ट्री पर की कार्यवाही।
- सरगुजा अंचल में नवरात्रि पर्व पर मंदिरों और मनोकामना ज्योति जलाने में मंदिरों में श्रद्धालु बड़ी मात्रा में घी के दिए , अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित करते हैं।
- नवरात्रि पर्व पर खुले मार्केट, होटलों, दुकानों, पूजा सामग्री दुकान में नकली घी सप्लाई करने की थी तैयारी
अंबिकापुर (समाचारवाणी)
सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर नगर के बाबूपारा मोहल्ले में स्थित एक मकान में आज दोपहर प्रशासन एवं खाद्य एवं औषधि संरक्षण विभाग, पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर करीब 7900 लीटर नकली घी जब्त किया है। यह नकली घी डालडा एवं सोयाबीन तेल को मिलाकर व एसेंस डालकर तैयार किया जा रहा था। उक्त नकली घी को मंदिरों में प्रज्जवलित होने वाले मनोकामना दीप में उपयोग किया जाना था। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर एसडीएम फागेश सिन्हा को बाबूपारा में गोंदिया से आए राकेश बंसल द्वारा बड़े पैमाने पर नकली घी तैयार करने की सूचना मिली। सूचना पर अंबिकापुर तहसीलदार उमेश बाज, फूड इंस्पेक्टर श्वेता, फूड सेफ्टी विभाग के पांडेय सहित पुलिस बल की संयुक्त टीम ने दोपहर एक बजे छापा मारा। टीम ने बाबूपारा में मौके पर छापा मारा तो बड़ी मात्रा में नकली घी मौके पर तैयार करते वर्कर मिले।
नगर में मिलावट खोरी चरम पर
सरगुजा जिले के ग्रामीण अंचलों के साथ अब अंबिकापुर नगर में मिलावट खोरी और नकली खाद्य पदार्थ का निर्माण और बिक्री होने की चर्चा आम होने लगी है। नवरात्रि और पूजा पाठ में हर घर में महिलाएं और श्रद्धालु घी के दीपक जलाते हैं। मंदिरों में नवरात्रि के पर्व पर अखंड घृत ज्योति प्रज्वलित की जाती है, और इन मनोकामना ज्योति कलश में शुद्धता का पूरा ध्यान रखा जाता है ।मोटी कमाई की लालच में यह मिलावट खोर आम जनों की आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं ।इन दिनों शहर में नकली घी, नकली पनीर, नकली दूध, बेचे जाने की शिकायतें भी सुनने को मिल रही है जो बाहर के सौदागर शहर में नकली माल खाने के लिए कम रेट पर स्थानीय लोगों को आपूर्ति कर रहे हैं ।आज नकली घी के धंधे का भंडाफोड़ होने के बाद आम जनों ने राहत की सांस ली है कि इस तरह से छापेमारी की कार्रवाई से नगर में मिलावट खोरी और नकली सामानों के निर्माण और बिक्री पर कुछ हद तक प्रतिबंध लग सकेगा।नागरिकों ने प्रशासन के इस कार्यवाही की सराहना भी की है।



