रामानुजगंज नगर पालिका में 14 करोड़ 91 लाख के विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन

रामानुजगंज नगर पालिका में 14 करोड़ 91 लाख के विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन

samacharvani.com
0

 रामानुजगंज नगर पालिका में 14 करोड़ 91 लाख के विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन..

रामानुजगंज (समाचारवाणी) 

नगर पालिका परिषद् रामानुजगंज अंतर्गत लगभग 14 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन समारोह 29 मई 2026, शुक्रवार को प्रातः 10:30 बजे काका लरंग साय कम्युनिटी हॉल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के 113 हितग्राहियों को कार्यादेश का वितरण भी किया जाएगा।प्रत्येक प्रधानमंत्री आवास के लिए 2लाख 82 हजार का प्रावधान है, भूमिपूजन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन एवं पशुधन विकास मंत्री  रामविचार नेताम होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद् रामानुजगंज के अध्यक्ष  रमन अग्रवाल करेंगे। वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष  शीला जायसवाल सहित सभी पार्षदगण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

नगर पालिका परिषद् द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में अधोसंरचना एवं जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें कन्हर नदी में मिलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत 4 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापना कार्य प्रमुख है। इसके अलावा सामुहिक सामाजिक कार्यक्रमों के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन निर्माण हेतु 2 करोड़ 41 लाख रुपये, वार्ड 1 से 15 तक विभिन्न स्थलों पर आरसीसी नाली निर्माण के लिए 1 करोड़ 78 लाख रुपये तथा सीसी रोड निर्माण कार्य हेतु 1 करोड़ 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसी प्रकार विभिन्न वार्डों में पाइप लाइन विस्तार, पेवर ब्लॉक स्थापना, अटल स्मृति तालाब, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति तालाब, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र, सामुदायिक भवन, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, छठ घाट, मुक्तिधाम अहाता, सांस्कृतिक भवन एवं सौंदर्यीकरण जैसे अनेक विकास कार्य कराए जाएंगे।

नगर पालिका परिषद् के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार ने नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से नगर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)