राजपुर। बलरामपुर
(समाचारवाणी)
बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 'गांव-गांव, द्वार-द्वार जनसमस्या निवारण शिविर' का आयोजन ग्राम खोडरो में किया गया। महुआ पेड़ के नीचे आयोजित इस शिविर में 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 376 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 19 शिकायतें और 357 मांग संबंधी आवेदन शामिल रहे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा ने शिविर स्थल पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में पोषण योजनाओं की जानकारी ली, वहीं कृषि विभाग से नील हरित काई खाद के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जनपद पंचायत राजपुर द्वारा लगाए गए स्टॉल में लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
शिविर में ग्राम खुखरी,खोडरो, उधवाकठरा, कुन्दीकला, बदौली, शिवपुर, रेवतपुर, खोखनियां, धंधापुर,परसवारकला, डकवा, चांची पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान विधायक उद्देश्वरी पैंकरा ने तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई।विधायक ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित सुशासन शिविरों में लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम परसवारकला में श्मशान घाट के पास हैंडपंप लगाने की मांग पर विधायक ने निर्देश दिया कि श्मशान स्थल से थोड़ी दूरी पर हैंडपंप स्थापित किया जाए ताकि ग्रामीणों को सुविधा मिल सके। वहीं ग्राम खुखरी के सतबहिनी नाला में पुल निर्माण की मांग पर अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने, किसान सम्मान निधि की जानकारी लेने तथा ग्राम बरियो में निर्माणाधीन महतारी सदन भवन शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिला महामंत्री एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और सुशासन तिहार के माध्यम से लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। जनपद अध्यक्ष विनय भगत ने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और त्वरित निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही।जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने अंचल की समस्या पर ध्यान आकर्षित करते हुए ग्रामीण विकास हेतु हमेशा सहयोग करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे ने शिविर का संयोजन करते हुए जनपद स्तर पर उपलब्धि की जानकारी देकर आभार व्यक्त किया।शिक्षा विभाग ने बताया कि अपार कार्ड बनाने का कार्य 30 जून तकचलेगा और इसके लिए आधार कार्ड आवश्यक है। पीएचई विभाग को नौ आवेदन प्राप्त होने पर विधायक ने गर्मी में हैंडपंप सुधार कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई। भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने भी विभागीय कार्यों में सुधार की बात कही।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हीरामणि निकुंज, जिला महामंत्री संजय सिंह, जनपद अध्यक्ष विनय भगत, उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मराबी, श्रीमती अनार सिंह, कमला प्रसाद सिंह, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल, जनपद सदस्य हरि सिंह नागेश, अनिल जायसवाल, सुनील जायसवाल, रमाकांत पाण्डेय,एसडीएम देवेंद्र प्रधान, जनपद सीईओ संजय दुबे, पीएमजीएसवाई कार्यपालन अभियंता गोपाल सिदार, बीएमओ डॉ. आर. के. जायसवाल, रेंजर अजय वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।










