केशवनगर में गिट्टी लोड ट्रैक्टर की टक्कर से हुआ हादसा, ट्रैक्टर का पिछला पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से गुजरा; घटना से इलाके में शोक की लहर.
सूरजपुर।सरगुजा
(समाचारवाणी)
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। स्कूल में पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होकर अपने पिता के साथ बाइक से घर लौट रही 13 वर्षीय रिद्धिमा जैन की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जिस बेटी के साथ पिता कुछ देर पहले स्कूल से घर लौट रहे थे, उसी बेटी को रास्ते में हुए भयावह हादसे ने उनसे हमेशा के लिए छीन लिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
अचानक ट्रैक्टर मोड़ने से बिगड़ा बाइक का संतुलन, पहिए के नीचे आई मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिला मुख्यालय के नवापारा निवासी पंकज जैन अपनी 13 वर्षीय बेटी रिद्धिमा के साथ स्कूल की पैरेंट्स मीटिंग से वापस घर लौट रहे थे। पिता-पुत्री बाइक से बिश्रामपुर से सूरजपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके आगे चल रहे गिट्टी से लोड ट्रैक्टर के चालक द्वारा अचानक वाहन मोड़ दिए जाने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि अचानक हुई इस घटना से बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे और रिद्धिमा ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। ट्रैक्टर का पिछला पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना गंभीर था कि रिद्धिमा की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता के सामने बुझ गया जिंदगी का चिराग
यह हादसा केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि उस परिवार के लिए कभी न भरने वाला घाव बन गया, जिसने अपनी बेटी को खो दिया। स्कूल की बैठक से घर लौटने का सामान्य सफर पलभर में मातम में बदल गया। घटना की भयावहता ने मौके पर मौजूद लोगों को भी झकझोर दिया।
बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर की घटना
यह दर्दनाक हादसा बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से दुर्घटना होने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और चालक की जिम्मेदारी की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों के संचालन और सड़क पर सुरक्षित आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गिट्टी जैसे निर्माण सामग्री से लदे वाहनों को चलाते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। चालक की एक छोटी-सी चूक भी किसी परिवार की जिंदगी में ऐसा अंधेरा ला सकती है, जिसे कभी दूर नहीं किया जा सकता। एक पिता अपनी बेटी के साथ स्कूल से घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उससे उसकी सबसे अनमोल दुनिया छीन ली। रिद्धिमा की मौत ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।। फिलहाल इस मामले में क्या दुर्घटना के कारणों, ट्रैक्टर चालक की भूमिका और पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि संबंधित पुलिस जांच के आधार पर की जानी चाहिए। यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।।कि प्रशासन कब सुचारू व्यवस्था सही करती है,या ऐसे ही हादसे होते रहेंगे,और शासन, प्रशासन, मूकदर्शक बन तमाशा देखते रहेंगे।




