धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव का भव्य शंखनाद, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को दी बड़ी सौगात; मंत्री राजेश अग्रवाल की मौजूदगी रही खास

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव का भव्य शंखनाद, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को दी बड़ी सौगात; मंत्री राजेश अग्रवाल की मौजूदगी रही खास

samacharvani.com
0

 

बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्यस्तरीय समारोह में जनजातीय संस्कृति, सम्मान और विकास का दिखा संगम; 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि.




रायगढ़।धरमजयगढ़

(समाचारवाणी) 

धरती बाबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव, संस्कृति और विकास का भव्य संगम देखने को मिला। ऐतिहासिक दशहरा मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जहां जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि को सरकार का संकल्प बताया, वहीं किसानों के हित में बड़ा ऐलान करते हुए प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि देने की घोषणा की।

इस गरिमामय आयोजन में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की उपस्थिति भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। प्रदेश की समृद्ध जनजातीय विरासत, लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में संस्कृति विभाग की भूमिका और ऐसे आयोजनों का महत्व भी प्रमुखता से सामने आया। समारोह में जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को सम्मानित किया गया तथा पद्मश्री सम्मानित जनजातीय विभूतियों का अभिनंदन कर उनके योगदान को नमन किया गया। मंत्री राजेश अग्रवाल सहित प्रदेश के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि बस्तर की पहचान अब हिंसा नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल, संस्कृति और विकास से बन रही है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। भय और हिंसा की जगह विश्वास तथा विकास का नया वातावरण बन रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।




मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, त्याग और बलिदान की महान गाथा है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 6,691 गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं पीएम-जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।




 किसानों के लिए मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान 

समारोह में मुख्यमंत्री ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि अब निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। इस निर्णय से खासकर कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं, जिसके बाद प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। इससे किसानों को नजदीकी केंद्रों पर अपनी उपज बेचने की सुविधा मिलेगी और लंबी दूरी तय करने की परेशानी कम होगी।





 बस्तर में बदलाव और विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है। नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर का भविष्य अब शिक्षा, खेल, कौशल और विकास की नई संभावनाओं से जुड़ रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी को सम्मानित किया। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कार प्रदान किए गए। मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस का वितरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर जनजातीय कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों की जानकारी ली। कार्यक्रम में मुख्य रूप से केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन संस्कृति, मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक मंत्री, सांसद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और जनजातीय समाज के प्रमुख उपस्थित रहे। 

धरमजयगढ़ का यह राज्यस्तरीय आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को नमन करने के साथ जनजातीय समाज के सम्मान, किसानों के हित और प्रदेश के विकास के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दे गया। अब इस आयोजन के साथ सरकार की घोषणाओं और विकास योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी तरीके से पहुंचता है, यह आने वाला समय बताएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)