धैर्यपूर्वक लक्ष्य की ओर बढ़ना ही सफलता है – श्री राजीव कुजूर, एसडीएम
राजपुर (बलरामपुर)
समाचारवाणी न्यूज़
16 मई से डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु, राजपुर में निःशुल्क समर कैंप चल रहा है । ग़ौरतलब है कि इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ उनमें छिपी प्रतिभाओं को उभारना और उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है । इस कैंप में दूसरे स्कूल के बच्चे भी शामिल हो रहे हैं । आज के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पधारे श्री राजीव जेम्स कुजूर, एसडीएम, राजपुर की गरिमामयी उपस्थिति बनी रही । उन्होंने बच्चों से मुख़ातिब होकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि पूर्ण समर्पण और धैर्यपूर्वक लक्ष्य की ओर बढ़ना ही सफलता की कुंजी है ।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉक्टर डी एन मिश्रा के निर्देश एवं बीईओ राजपुर आदित्य पाटनवार के नेतृत्व में बलरामपुर जिले एवं राजपुर विकासखण्ड के स्कूलों मे समर कैंप आयोजित हो रहे हैं ।
डीएवी स्कूल पतरातु के इस शिविर में बच्चों को कई प्रकार की गतिविधियों के तहत नई चीज़ें सीखने का अवसर मिल रहा है । बच्चे आर्ट एंड क्राफ्ट, म्यूजिक एंड डांस, इंग्लिश स्पोकन, स्पोर्ट्स, योगा, कोडिंग एंड वैदिक मैथ्स, कैलीग्राफी, पर्सनालिटी डेवलपमेंट, ड्रामा, चित्रकला, मेंहदी इत्यादि में शामिल होकर संबंधित कौशलों को ग्रहण कर रहे हैं । बच्चों की उम्र सीमा 5 से 16 वर्ष तक तथा समय सुबह 8 बजे से 11 बजे तक सुनिश्चित की गई है ।
मालूम हो कि बच्चों को खेल-खेल में सिखाने की सुविधा पर विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने कहा कि इस समर कैंप के माध्यम से हम बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर प्रदान कर रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चे विभिन्न गतिविधियों के द्वारा अपने हुनर को सामने लेकर आ सकें ।
डीएवी पतरातु से मुकेश कुमार गुप्ता, गुड्डू कुमार पटेल, मोहम्मद मनव्वर, दिव्यांशु गुप्ता, शुभम केशरी, तारा कंसारी, रीना तिवारी के साथ-साथ अन्य शिक्षकों की मौजूदगी में समर कैंप संचालित किया जा रहा है।



