सुदर्शन यादव को मिला 'छत्तीसगढ़ यादव गौरव सम्मान', प्रदेशभर की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

सुदर्शन यादव को मिला 'छत्तीसगढ़ यादव गौरव सम्मान', प्रदेशभर की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

samacharvani.com
0


रामानुजगंज।बलरामपुर 

(समाचारवाणी) 

रायपुर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, खेल, चिकित्सा, प्रशासन और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का सम्मान हुआ।

बीते दिनों रायपुर के सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में छत्तीसगढ़ यादव शासकीय सेवक संघ एवं एकादश उत्थान यादव कल्याण संघ के संयुक्त तत्वावधान में "यादव प्रतिभा सम्मान समारोह-2026" का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य यादव समाज की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित करना, शिक्षा एवं संस्कार को बढ़ावा देना तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजजनों को प्रोत्साहित करना रहा।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त सत्र न्यायाधीश ताराचंद यदु उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी बिसराराम यादव ने की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अलका यादव, शोभा यादव एवं प्रीति जितेंद्र यादव शामिल रहीं। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाज के वरिष्ठजन, अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना, स्वागत गीत तथा भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और सामूहिक आरती के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

समारोह में बलरामपुर जिले के अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव को शिक्षा एवं युवा मार्गदर्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए "छत्तीसगढ़ यादव गौरव सम्मान" से सम्मानित किया गया। उन्हें वरिष्ठ समाजसेवी बिसराराम यादव ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।

सुदर्शन यादव को यह सम्मान युवाओं को भारतीय सेना की थल सेना, वायु सेना एवं नौसेना में भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण देने तथा 50 से अधिक युवाओं का सेना में चयन कराने के साथ ही नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, एकलव्य विद्यालय, प्रयास एवं उत्कर्ष जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों को लगातार सफलता दिलाने के लिए प्रदान किया गया।समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिन्ह एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी), चिकित्सा, खेल, सामाजिक सेवा, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले समाज के प्रतिभाशाली सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यादव समाज की पारंपरिक लोक कला "बांसगीत" की प्रस्तुति रही। गरियाबंद जिले के ग्राम मोहेरा से आए अमर सिंह यादव एवं उनकी टीम ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस लोक परंपरा के संरक्षण में योगदान देने वाले कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान संघ की भावी योजनाओं एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा, संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए युवाओं से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में संघ के सचिव प्रभाकर कांत यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के समापन पर सभी सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिन्ह एवं उपहार प्रदान किए गए।आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं, प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। साथ ही भविष्य में भी शिक्षा, संस्कृति और समाज सेवा से जुड़े ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)