राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी व वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस की निकली विशाल रैली

राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी व वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस की निकली विशाल रैली

samacharvani.com
0

 



रामानुजगंज  

(समाचारवाणी) 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज शहर में श्री राम मंदिर, अयोध्या में कथित चढ़ावा चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर यादव के नेतृत्व में लरंगसाय चौक से निकली रैली चांदनी चौक, गांधी चौक एवं बस स्टैंड होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

 प्रदर्शन में जिले के सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है तथा यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।

 जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर यादव ने कहा श्री राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। यदि चढ़ावे में किसी प्रकार की चोरी या वित्तीय अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी जनभावनाओं के सम्मान और जवाबदेही की मांग को लेकर यह आंदोलन कर रही है और आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल एवं राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती और जनता को पूरे मामले की सच्चाई जानने का अधिकार है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)