शिक्षक समय पर पहुंचें, बच्चे शत-प्रतिशत उपस्थित रहें: कलेक्टर के निर्देश पर शालाओं का औचक निरीक्षण
बलरामपुर
(समाचारवाणी)
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास लगातार जारी हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिक्षक समय पर और नियमित रूप से शाला में उपस्थित रहें, निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण कराएं, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करें। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार निरापुरे ने आज विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति, परिसर की स्वच्छता, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला राजकुमारीनटोला में 13 में से 11, प्राथमिक शाला धनगांव में सभी 20, माध्यमिक शाला धनगांव में 18 में से 13, प्राथमिक शाला धनादोहर में 31 में से 20, माध्यमिक शाला धनादोहर में 69 में से 31 तथा प्राथमिक शाला नेहरूनगर में 26 में से 17 विद्यार्थी उपस्थित मिले। माध्यमिक शाला धनादोहर में आधे से भी कम उपस्थिति पाए जाने पर प्रधान पाठक श्री चन्द्रिका टोप्पो को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय तातापानी में निरीक्षण के समय 348 छात्राएं उपस्थित थीं। यहां पदस्थ लिपिक श्री देवनारायण राम के अगस्त 2025 से लगातार अनुपस्थित रहने पर उन्हें भी नोटिस थमाया गया। छात्राओं द्वारा सायकल स्टैंड की मांग रखे जाने पर श्री निरापुरे ने आवश्यक विभागीय कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्राथमिक शाला नेहरूनगर में मध्यान्ह भोजन, साफ-सफाई और कक्षाओं की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जबकि प्राथमिक शाला धनगांव में परिसर की स्वच्छता सुधारने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर के निर्देशों को दोहराते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संस्थाओं को शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत दैनिक उपस्थिति तथा शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप पाठ्यक्रम पूर्ण करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बच्चों के हाथ-नाखूनों की नियमित स्वच्छता और कक्षाओं व परिसर को साफ-सुथरा रखने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यालयों में पढ़ाई के अनुकूल वातावरण बन सके। श्री निरापुरे ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और नियमित उपस्थिति के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
(Samachar vani news ambikapur)



