अंबिकापुर में 14 नवंबर को होगा निःशुल्क HLA टेस्ट एवं परामर्श शिविर

अंबिकापुर में 14 नवंबर को होगा निःशुल्क HLA टेस्ट एवं परामर्श शिविर

samacharvani.com
0


सिकल सेल एवं थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के स्थायी उपचार की दिशा में काश फाउंडेशन की सरगुजा में बड़ी पहल..



अंबिकापुर

(समाचारवाणी) 

 छत्तीसगढ़ में सिकल सेल एवं थैलेसीमिया जैसी गंभीर आनुवंशिक रक्त संबंधी बीमारियों से हजारों बच्चे प्रभावित हैं। इन बच्चों को जीवनभर अनेक शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं बच्चों को बेहतर और स्वस्थ जीवन देने के उद्देश्य से 'कोई अपना सा हो'काश फाउंडेशन , रायपुर द्वारा अंबिकापुर में 14 नवंबर को एक विशेष निःशुल्क HLA जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

सिकल सेल बीमारी छत्तीसगढ़ में एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है। इस बीमारी में लाल रक्त कोशिकाओं का आकार बदल जाता है, जिससे शरीर में रक्त प्रवाह प्रभावित होता है। बच्चों को असहनीय हड्डियों एवं जोड़ों के दर्द, बार-बार संक्रमण तथा अन्य गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कुछ बच्चों को बार-बार रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती है, जबकि कुछ बच्चों को नियमित ब्लड की आवश्यकता नहीं होती। इसके बावजूद बीमारी के कारण जीवनभर स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां बनी रह सकती हैं।

थैलेसीमिया मेजर भी एक गंभीर आनुवंशिक बीमारी है। इसमें बच्चे के शरीर में पर्याप्त स्वस्थ हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता और उसे सामान्यतः हर 15 से 20 दिन में रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है। यह प्रक्रिया वर्षों तक, अक्सर जीवनभर चलती रहती है।

इन दोनों बीमारियों के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट (Bone Marrow Transplant) कुछ पात्र बच्चों के लिए स्थायी उपचार का विकल्प है। इस दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम HLA टेस्ट है, जिससे भाई-बहन अथवा परिवार के अन्य संभावित डोनर का मिलान किया जा सकता है।

अंबिकापुर के लिए गौरव की बात 

इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि HLA टेस्ट के लिए विशेष किट जर्मनी से मंगाई जा रही हैं। लगभग 10,000 रुपये मूल्य का यह टेस्ट इस शिविर में 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा इसकी रिपोर्ट 3 महीने बाद जर्मनी से आएगी। इसमें पीड़ित बच्चे के साथ उसके माता-पिता एवं भाई-बहनों के सैंपल लिए जाएंगे। यह जांच मुंह की लार (Saliva) से होगी, इसमें किसी प्रकार का इंजेक्शन या सुई लगाने की आवश्यकता नहीं है।

इस शिविर में सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, विश्रामपुर, जशपुर, नारायणपुर सहित आसपास के जिलों एवं दूरदराज के क्षेत्रों से बच्चे पहुंचेंगे। अब तक लगभग 120 बच्चों का पंजीयन हो चुका है। अंबिकापुर जैसे शहर में इतनी महत्वपूर्ण और महंगी जांच का निःशुल्क उपलब्ध होना क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

देश के प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श

काश फाउंडेशन इस अवसर पर नारायणा हेल्थ सिटी, बेंगलुरु के प्रसिद्ध पीडियाट्रिक हेमेटो-ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सुनील भट्ट को आमंत्रित कर रहा है। वे बच्चों की जांच एवं परामर्श के साथ-साथ बीमारी, दवाइयों, खान-पान, रक्त चढ़ाने की आवश्यकता, उचित देखभाल और बोन मैरो ट्रांसप्लांट की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे।

इस शिविर में थैलेसीमिया एवं सिकल सेल के अलावा ल्यूकेमिया, अप्लास्टिक एनीमिया एवं ब्लड कैंसर से पीड़ित बच्चों को भी विशेषज्ञ से परामर्श दिलाने का अवसर मिलेगा।

'कोई अपना सा हो' काश फाउंडेशन की 15 वर्षों की सेवा यात्रा

काश फाउंडेशन पिछले 15 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सिकल सेल एवं थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था बच्चों को निःशुल्क रक्त, आवश्यक दवाइयां, चिकित्सा सहायता, डॉक्टरों से समन्वय एवं भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करती रही है। संस्था के प्रयासों से अब तक 152 बच्चों का बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराया जा चुका है।

संस्था का उद्देश्य केवल बच्चों को दवाइयां और रक्त उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें बीमारी से स्थायी मुक्ति दिलाने की दिशा में प्रयास करना है। अंबिकापुर का यह शिविर भी इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। काश फाउंडेशन भविष्य में भी सरगुजा संभाग एवं आसपास के क्षेत्रों के बच्चों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सभी अभिभावकों एवं सामाजिक संस्थाओं से विशेष अपील

काश फाउंडेशन सभी अभिभावकों, सामाजिक संगठनों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं जागरूक नागरिकों से अपील करता है कि इस महत्वपूर्ण शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाएं। कोई भी पात्र बच्चा जानकारी के अभाव में इस सुविधा से वंचित न रहे। समय रहते जांच एवं सही परामर्श बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

शिविर का विवरण

- दिनांक: 14 नवंबर 2026, शनिवार

- समय: सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक

- स्थान: महाराजा अग्रसेन भवन, अग्रसेन चौक, खरसिया रोड, बसंत टॉकीज के पास, अंबिकापुर।

- आयोजन: काश फाउंडेशन, रायपुर

- विशेष सहयोग: महाराज श्री टी.एस. सिंह देव 

अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए दिए गए संपर्क नंबरों पर शीघ्र संपर्क करें।

संदीप +91 78790 07715

डॉली+91 62660 44011

काश फाउंडेशन का संकल्प — हर बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य, बेहतर जीवन और बीमारी से मुक्ति की उम्मीद।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)