करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दी 71.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय सहित हुई कई घोषणाएं

करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दी 71.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय सहित हुई कई घोषणाएं

samacharvani.com
0

 



बलरामपुर।अंबिकापुर 

(समाचारवाणी) 

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में शासकीय हाई स्कूल ग्राउंड पर आयोजित करमा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने जिले को 71 करोड़ 48 लाख रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54.21 करोड़ रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन और 17.27 करोड़ रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी और डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़कें, 7 नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल की डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर का एसडीएम कार्यालय भवन और चान्दो का तहसील कार्यालय भवन हैं।




क्षेत्रवासियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं। वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन बनेगा और नगर पंचायत वाड्रफनगर का अधूरा नगर वन पार्क पूरा किया जाएगा। ग्राम पंचायत रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन बनेंगे, और ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन स्थापित होगा। रकसगंडा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की घोषणा भी की गई।




मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने करमा देव को प्रणाम कर क्षेत्रवासियों को करमा महोत्सव की बधाई दी। उन्होंने 71 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के लिए जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं। मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां 40 से अधिक डॉक्टर क्षेत्र की महिलाओं की जांच और इलाज कर रहे हैं। इससे महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा उनके अपने क्षेत्र में ही मिल रही है। मुख्यमंत्री ने शिविर में सेवा भाव से काम कर रहे डॉक्टरों का हृदय से आभार जताया।



मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार सकारात्मक फैसले ले रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। जिन किसानों की पैदावार 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम है, उन्हें भी यह राशि पूरी मिलेगी, इसलिए किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। धान बेचने में दिक्कत न हो, इसके लिए इस साल 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को 35 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सुशासन एवं अभिसरण विभाग के जरिए पारदर्शी प्रशासन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिला प्रशासन की पहल "वृद्धजन क्लिनिक" का शुभारंभ भी किया। "स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन" के ध्येय वाले इस क्लिनिक में बुजुर्गों के लिए अलग पंजीयन काउंटर बनाया गया है। यहां डॉक्टर जांच और परामर्श देंगे। जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी और मसाज चेयर के साथ आयुष पद्धति की शिरोधारा जैसी थेरेपी भी मिलेगी। इस तरह बुजुर्गों को सारी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर 

कार्यक्रम स्थल पर मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। यह क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा महिला स्वास्थ्य शिविर रहा। स्वास्थ्य विभाग से शाम 5 बजे तक मिली अंतिम जानकारी के अनुसार शिविर में 7,259 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया, जिनमें 4,224 महिलाएं और 3,035 पुरुष शामिल हैं। सबसे ज्यादा 1,473 मरीजों की जांच मेडिसिन विशेषज्ञों ने और 1,405 मरीजों की जांच हड्डी रोग विशेषज्ञों ने की। चर्म रोग विशेषज्ञों ने 943, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञों ने 743, नेत्र रोग विशेषज्ञों ने 644, आयुर्वेद विशेषज्ञों ने 631 और सामान्य सर्जरी विशेषज्ञों ने 467 मरीजों को देखा। शिशु रोग विशेषज्ञों ने 405 बच्चों की जांच की। स्त्री रोग विशेषज्ञों ने 289 महिलाओं का इलाज किया, मानसिक रोग विशेषज्ञों ने 168 और कैंसर रोग विशेषज्ञों ने 91 लोगों की जांच की। स्क्रीनिंग में 1,401 लोगों का बीपी और 695 लोगों की शुगर बढ़ी हुई पाई गई, जिन्हें उचित परामर्श और उपचार दिया गया। अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज मिलने पर शिविर में आई महिलाओं ने विशेष आभार जताया।

बलरामपुर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति:कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी 

कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को जिले की प्रगति और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनवरी 2012 में बने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने कम समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। जिला प्रशासन विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है, ताकि दूरस्थ अंचलों तक हर सुविधा पहुंचे और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक मिले। उन्होंने बताया कि कुपोषण दूर करने के लिए जिले में "बालभोग" नवाचार शुरू किया गया है। इसमें गांव की दीदियां रागी, सत्तू और श्रीअन्न से लड्डू बनाती हैं, और पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को ये लड्डू अपने सामने खिलाती हैं। हर बच्चे की प्रगति भी नियमित रूप से दर्ज की जाती है।



सरगुजा सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शासन की योजनाओं ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि आज हम गर्व से देख सकते हैं कि दूरस्थ अंचलों तक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच रही हैं, और महिलाएं व युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं। 

प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की महिलाएं लगातार आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि शासन के सकारात्मक प्रयासों से दूरस्थ अंचलों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की नई मिसालें कायम हो रही हैं, और हर गांव आधुनिक सुविधाओं से जुड़ रहा है।


कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर की अध्यक्ष श्रीमती शशि सिंह पोर्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी श्री आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ श्री आशुतोष चतुर्वेदी, अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)