टीका लगने के बाद दो माह के शिशु ने तोड़ा दम, परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट, दोषियों पर कार्यवाही की मांग

टीका लगने के बाद दो माह के शिशु ने तोड़ा दम, परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट, दोषियों पर कार्यवाही की मांग

samacharvani.com
0

राजपुर ब्लॉक के उप स्वास्थ्य केंद्र ओकरा में टीका लगने के बाद दो माह के शिशु की मौत होने के बाद ग्रामीण और परिजनों ने राजपुर सामुदायिक केंद्र और थाने में किया विरोध प्रदर्शन बीएमओ ने कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य कर्मचारी को हटाया.



बलरामपुर

(समाचारवाणी) 

बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ओंकरा में टीकाकरण के बाद 2 माह के मासूम बच्चे की तबियत बिगडऩे से मौत  हो गई। परिजन ने टीकाकरण करने वाली नर्स और उप स्वास्थ्य केन्द्र के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने राजपुर थाने में लिखित आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में बीएमओ का कहना है कि जांच के बाद दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बताया जाता है कि 7 नवंबर को शासन की नियमित टीकाकरण योजना के तहत ओंकरा उप स्वास्थ्य केन्द्र में टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा था। यहां के रहने वाले जगदीश कौशिक अपने 2 माह के बच्चे रुहान को टीका लगाने लेकर पहुंचे थे। परिजन के अनुसार बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था, लेकिन टीका लगने के कुछ ही देर बाद उसकी तबियत बिगडऩे लगी।जब नर्स से पूछा गया तो उसने कहा कि टीका लगने के बाद दो-तीन दिन तक बच्चे को बुखार और हल्की तकलीफ रहती है, चिंता की बात नहीं है। परिजन नर्स की बात पर भरोसा कर घर लौट आए, लेकिन शाम होते-होते बच्चे की हालत और खराब होती गई

फिर परिजन तत्काल उप स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, लेकिन वहां ताला बंद मिला। समय पर उपचार न मिलने से रात लगभग 11 बजे बच्चे की मौत हो गई। मामले में परिजन व ग्रामीणों ने राजपुर थाने में आवेदन सौंप दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।

बंद रहता है उप स्वास्थ्य केन्द्र

ग्राम पंचायत ओंकरा के ग्रामीणों ने आरोप  लगाया है कि उप स्वास्थ्य केन्द्र अधिकतर समय बंद रहता है,और वहां पदस्थ कर्मचारी निवास नहीं करते। ग्रामीणों का कहना है कि शाम 5 बजे के बाद केन्द्र बंद कर दिया जाता है जिससे आपातकालीन स्थिति में लोगों को उपचार नहीं मिल पाता।

होगी निष्पक्ष जांच, दोषियों पर होगी कार्यवाही

राजपुर बीएमओ डॉ. रमेश जायसवाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच टीम गठित कर दी गई है और बच्चे का पोस्टमार्टम भी कराया गया है।दो डाक्टर की टीम द्वारा राजपुर में बच्चे का शो परीक्षण कराया गया पोस्टमार्टम की वीडियो ग्राफी भी कराई गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में निमोनिया से बच्चे की मौत होने की खबर है,लेकिन डॉक्टरों ने अभी तक पुष्टि नहीं की है।जांच टीम को निर्देश दिए गए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यदि किसी शासकीय कर्मचारी की लापरवाही पाई जाती है तो उस पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य कर्मचारी पर हुई तत्काल कार्यवाही, राजपुर अटैच

 राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रमेश जायसवाल ने एएनएम आरती पूनम को तत्काल प्रभाव से ओकरा से हटाते हुए राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अटैच किया है।उनकी जगह पर राजपुर अस्पताल से ओकरा में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मी उमा बड़ा को ओकरा उप स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया है। बीएमओ ने राजपुर ब्लॉक के सभी उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कर्मचारियों को सूचित करते हुए ग्रामीण स्वास्थ्य हेतु अलर्ट किया है और किसी भी परिस्थिति में तत्काल सूचित करने को कहा है। इन्होंने टीकाकरण में लगे सभी मैदानी कर्मचारियों को सचेत किया है कि वह निर्धारित गाइडलाइन का पालन करते हुए टीकाकरण पूरा करें और शिशुओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। इन्होंने पूरी घटना से सीएमएचओ बलरामपुर को अवगत कराया है।




(Samachar vani news, ambikapur)



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)