नशीला इंजेक्शन देकर बालिका के अपहरण का प्रयास विफल, बालिका ने कूदकर बचाई जान

नशीला इंजेक्शन देकर बालिका के अपहरण का प्रयास विफल, बालिका ने कूदकर बचाई जान

samacharvani.com
0

 




अंबिकापुर (समाचारवाणी) 

अंबिकापुर नगर के नमनाकला मुहल्ले में बीती रात बालिका को नशीला इंजेक्शन देकर अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बालिका ने बहादुरी दिखाते हुए पिकअप वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस मामले की विवेचना शुरू कर चुकी है। अंबिकापुर में ये मामला मानव तस्करी का भी हो सकता है इसलिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस गहराई से हर पहलू पर जांच कर रही है।

संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में कथित तौर पर अपहरण करने के दौरान एक बालिका ने चलती पिकप से कूदकर खुद को बचाया। यह घटना अंबिकापुर के नमनाकला में शनि मंदिर के समीप सोमवार की रात 9 से 10 बजे के बीच हुई। गांधीनगर पुलिस ने बालिका को दर्रीपारा स्थित बालिका गृह में रखा है, जहां काउंसलिंग कर बालिका से नाम, पता के संबंध में जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है। 

जब बालिका से काउंसलिंग की जा रही थी उस समय वह काफी सहमी, डरी हुई थी। शुरुआती पुछताछ में उसने सिर्फ इतना कहा कि उसे नशीला इंजेक्शन लगाया गया था, जिससे वह अर्धबेहोशी की हालत में थी। हल्का चेतना आने पर वाहन से कूदी मगर अपना नाम, पिता का नाम, पता के बारे में याद नही होना बता रही है। उसने कक्षा आठवीं की छात्रा होना बताया है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि बालिका कुछ बांते छिपा रही है, या अभी भी वह पूरी तरह से सामान्य स्थिति में नहीं आ पाई है। जब बालिका पिकप से कूदी थी तो वहां मोहल्ले वालों की भीड़ लग गई थी, लोगों के द्वारा पिकप में दो अन्य बालिका के होने का दावा भी किया जा रहा था। मगर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। इस संबंध में एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि बालिका को बालिका गृह में रख काउंसलिंग की जा रही है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि वह कहां की है और किन परिस्थितियों में पिकप से कूदी। बालिका की आयु 12 से 13 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस द्वारा संदिग्ध पिकप की तलाश के लिए सीसी टीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है।


Samachar Vani news desk, ambikapur 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)