शंकरगढ़ (बलरामपुर)
बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ में गुरुवार को सीएम की चुनावी सभा हुई। इसमें उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ही गरीब, किसान, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और युवा का कल्याण कर सकते हैं। कांग्रेस का तो एक मात्र उद्देश्य है युवराज को लॉन्च करना और परिवार के लिए सत्ता का इस्तेमाल करना। उन्होंने कहा गरीब को जनधन खाते, पक्का आवास, गैस सिलेंडर, नि:शुल्क राशन, उपचार की सुविधा सिर्फ मोदी ही दे सकते हैं। वे एक गरीब के बेटे हैं, इसलिए गरीब की ज़रूरत समझते हैं।
सीएम साय बोले – कांग्रेस के युवराज पिकनिक में मस्त, मोदी रोज 18 घंटे काम में व्यस्त
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे राम मंदिर नहीं बन सकता, लेकिन जनता के सहयोग से मंदिर भी बना और धारा 370 भी हट गई। प्राचीन काल में भारत विश्व गुरु था, एक बार फिर हम मोदी जी के नेतृत्व में विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर हैं। इसलिए उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना अत्यंत आवश्यक है।
श्री साय ने कहा कि मोदी जी के तीसरी बार पीएम बनाने के इस उत्सव में कोई भी व्यक्ति पीछे न छूटे। सीएम ने प्रदेश में पिछले 5 साल में कांग्रेस की सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा आपके हर वोट से जनकल्याण के स्कीम बनाती और उसे लागू करती है जबकि कांग्रेस आपके वोट से स्कैम करती है।
महिलाओं से कहा- खाता चेक कर लें
सीएम ने कहा कि महतारी वंदन योजना की तीसरी किश्त भेज दी गई है, कांग्रेस के लोग भी खाते चेक कर लें। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जिस तरह सरगुजा संभाग में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ है, वैसा ही हश्र लोकसभा चुनाव में भी होना चाहिए।
मोदी के नेतृत्व में भारत बनेगा विकसित राष्ट्र
प्रदेश के मंत्री श्री राम विचार नेताम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस जब-जब जीतती है तो पाकिस्तान में पटाखे फूटते हैं। मोदी जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ और भारत विकसित बनेगा।
इस अवसर पर सरगुजा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि जनता के हर वोट को देश के निर्माण में यदि कोई समर्पित कर सकता है तो वह भाजपा है। 3 महीने में छत्तीसगढ़ में जिस तरह मोदी जी की गारंटी पूरी हुई है। उससे यह साबित हो चुका है।
मातृशक्ति ने लिया संकल्प
सामरी विधायक श्रीमति उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि इस बार मातृशक्ति ने ठाना है तीसरी बार मोदी जी को पीएम बनाना है। इन्होंने सीएम विष्णुदेव साय सरकार के जन भावनाओं पर खरे उतरने पर उपलब्धि बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ में तेज़ी से हम विकास कार्य कर रहे हैं।
प्रतापपुर से विधायक श्रीमति शकुंतला पोर्ते ने कहा कि यहां उमड़े जनसमूह ने कांग्रेसियों की नींद उड़ा दी है, अब वे चुनाव लडऩे से अधिक हार का कारण खोजने में व्यस्त हैं।
इस मौके पर बलरामपुर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने कहा कि बलरामपुर, सरगुजा और पूरा छत्तीसगढ़ एक बार फिर विधानसभा चुनाव से भी बड़ा जनादेश भाजपा को देने जा रहा है। इस दौरान पूर्व विधायक सिद्धनाथ पैकरा, जिला महामंत्री संजय सिंह, अंबिकेश केशरी, शिवनाथ यादव ,गौरीशंकर अग्रवाल,मुन्नालाल चौधरी, अरविंद तिवारी, दिनेश पैकरा, सुदेश पैकरा, अमिताभ सिंहदेव,नीरज कश्यप, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला पुरुष, नागरिक और भाजपा कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।
Samachar Vani news desk, ambikapur






