बलरामपुर जिले में वनों का दोहन, अवैध खनन और अतिक्रमण होने से बढ़ रहा है तापमान, सिमट रहे हैं वन,विलुप्त हो रही हैं नदी नाले.
बलरामपुर (समाचारवाणी)
सरगुजा संभाग में आज बलरामपुर जिले में सबसे ज्यादा तापमान होने से यहां के बाशिंदों में चिंता की लकीरें खींच दी है। कभी सरगुजा जिले के सुरम्य अंचल का दर्जा प्राप्त बलरामपुर जिला अब अधिक तापमान से गर्म हो रहा है। सेमरसोत अभ्यारण के सिमटते वनों, जंगली भूमि पर अवैध अतिक्रमण और खेती, महान, सिंदूर, गागर, कनहर,गलफुल्ला,जैसी नदियों से रेत का खनन, अवैध कोयला खदान, अवैध क्रेसर प्लांट, हॉट मिक्स प्लांट,सरकारी ज़मीनों पर कब्जे और पर्यावरण प्रदूषण से निरंतर गर्मी बढ़ती जा रही है। सामरी पाट, जोका पाट,लहसुन पाट, जारगीम पाट में अब तापमान बढ़ रहा है।सामरी पाट में हिंडाल्को कंपनी द्वारा बेतरतीब बॉक्साइट खनन, जंगल जमीन नष्ट होने से कभी ठंढक के लिए जाने माने सरगुजा संभाग का ये उत्तर पूर्वी इलाका अब दिनों दिन बढ़ती गर्मी से चिंतित है।
सरगुजा संभाग में पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। पूरे संभाग में लू जैसी स्थिति बनी हुई है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। सुबह 9 बजे के बाद से ही सूर्य की किरणें आग उगल रही हैं। शरीर झुलसा देने वाली गर्मी से परेशान हैं। वहीं बुधवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मई महीनें में 11 वर्ष बाद अंबिकापुर का तापमान 44.2 डिग्री पहुंचा है। इससे पूर्व वर्ष 2023 में 44.8 डिग्री था।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार राजस्थान की ओर से आने वाली पश्चिमी गर्म हवा के प्रवेश का क्रम उत्तरी छत्तीसगढ़ में जारी है। इसके प्रभाव से सरगुजा संभाग में भीषण गर्मी पड़ रही है। आग की तरह चिलचिलाती धूप से लोग परेशान हैं। लोग घरों में ही दुबके रह रहे हैं। सुबह 11 बजे के बाद सडक़ों पर सन्नाटा पसर जा रहा है।
लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। वहीं तापमान में लगातार वृद्धि होने से लोगों को घरों में भी राहत नहीं है। कुलर व पंखों से भी गर्म हवा निकल रही है।
लू का प्रभाव बने रहने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट के अनुसार आगे आने वाले दिनों में लू का प्रभाव बने रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि १-२ दिनों तक अधिकतम तापमान में उछाल देखा जा सकता है।
वहीं तापमान के बढऩे से स्थानीय संवहनी हवाओं का प्रभाव भी सरगुजा संभाग पर दिख रहा है। शाम को आसमान मेघमय हो गया और कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की वर्षा भी हुई। अंबिकापुर में भी बूंदाबादी दर्ज की गई।
इन जिलों में तापमान की स्थिति
अम्बिकापुर – 44.2
बलरामपुर – 45.6
जशपुर – 43.6
कोरिया बैकुंठपुर – 44.1
सूरजपुर – 45.0
Samachar Vani news desk, ambikapur, chhattisgarh





