अंबिकापुर(समाचारवाणी)
अंबिकापुर से कुछ ही दूरी पर स्थित दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिब्रा वॉटरफॉल में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। दो वर्षों में लगातार वहां यह दूसरी मौत है। गत वर्ष एक युवती की मौत हो जाने के बाद वहां जाने के लिए ग्रामीणों ने प्रतिबंध लगा दिया था। उसके बाद से काफी समय तक लोगों का वाहन जाना बंद था परंतु इस वर्ष फिर से भारी संख्या में युवक युवतियों का वहां पहुंचना शुरू हो गया था। मिनी गोवा बने लिब्रा वॉटरफॉल में भारी संख्या में युवक युवती हर रोज पहुंच रहे हैं। बुधवार को अंबिकापुर के गांधीनगर क्षेत्र से अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा युवक अनु द्विवेदी वाटरफॉल में डूब गया। बताया जा रहा है कि उसे डूबता देख उसके साथी वहां से फरार हो गए बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार युवक शराब पिए हुए था।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बयान जारी कर लिब्रा वाटरफाल की सुरक्षा पर जताई चिंता
अम्बिकापुर शहर से लगे लिबरा वाटर फाल ने आज फिर एक युवा की मौत पर कांग्रेस ने गहरा दुख जताया है।कांग्रेस ने इसके लिए सीधे तौर पर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए भविष्य के लिए सुरक्षा के कड़े बन्दोबस्त करने की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य एवम कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने एक बयान जारी कर कहा कि एक वर्ष पूर्व भी लिबरा झरना में एक युवती की मौत गहरे पानी मे डूब जाने से हुई थी। तब जिला पंचायत की बैठके में यह विषय प्रमुखता से उठाया गया था।झरना में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। यहां सुरक्षा का कोई इन्तजाम नहीं है। पूर्व में झरना स्थल की व्यवस्था ग्राम पंचायत या किसी अन्य सरकारी एजेंसी के जिम्मे देने की बात हुई थी।जो कि पर्यटन स्थल के विकास और सुरक्षा की व्यवस्था करती। प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।पंचायत प्रतिनधियों के बार बार ध्यान आकृष्ट कराने के बाद भी कोई पहल न होने से वहां अव्यवस्था निर्मित हो गयी । प्रशासनिक चूक के चलते शहर के युवा की जलसमाधि हो जाना बेहद दुखद और चिन्ताजनक है।कांग्रेस पार्टी और क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने इस घटना से सबक लेकर झरना स्थल पर सुरक्षा के इंतजाम करने तक वहां पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
सभी पिकनिक स्पॉट बने असुरक्षित
सरगुजा आंचल में कई वॉटरफॉल और पिकनिक स्पॉट मौजूद है जहां पर पूरे वर्ष भर सैलानियों और स्थानीय नागरिकों की भीड़ उमड़ती है नए वर्ष पर पिकनिक मनाने वालों की संख्या बढ़ जाती है मैनपाट , लिब्रा फॉल, सेमरसोट ,अमृत धारा झुमका जलाशय, पवई वॉटरफॉल, रकशगंडा वॉटरफॉल सहित दर्जनों पिकनिक स्पॉट और दर्शनीय स्थल काफी खूबसूरत हैं और पर्यटकों के आकर्षण के केंद्र हैं। लेकिन पिछले कई सालों से इन स्थलों में सैलानियों की सुरक्षा और उनके लिए बुनियादी सुविधाओं की काफी कमी देखी जा रही है। स्थानीय तौर पर गाइड की कमी ,सुरक्षा स्टाफ की कमी ,सफाई कर्मचारियों की कमी, आवागमन , की कमी देखी जा रही है। इसके साथ पर्यटन मानचित्र, बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह से विस्तारित नहीं की जा सकी है ।कई पिकनिक स्थलों पर शराब खोरी की घटनाएं और मारपीट की घटनाएं बढ़ी है। कई स्थानों पर सैलानियों से शुल्क लिया जाता है कि लेकिन वहां पर सफाई और दूसरी सुविधाओं के लिए स्थानीय प्रशासन गंभीर नहीं है। यदि प्रदेश में सरगुजा अंचल को खूबसूरत बनाना है तो यहां पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने होंगे और इसके साथ पर्यटकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाना होगा ।संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को सरगुजा संभाग में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए आवश्यक इंतजाम पुख्ता करने होंगे।
Samachar Vani news desk, ambikapur



