छड़ - सीमेंट की दुकान में पैकिंग हो रहा था हाइब्रिड धान , राजस्व टीम ने हाइब्रिड धान, जुट बोरी, पैकिंग मशीन किया ज़ब्त
राजपुर (बलरामपुर)
(समाचारवाणी)
बलरामपुर जिले के राजपुर में संचालित एक छड़-सीमेंट की दुकान में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की है, और राजस्व टीम ने दुकान से 93 बोरी हायर कंपनी की हाइब्रिड धान, 255 जुट की बोरी में लोकल धान, धान की पन्नी, तौलने व पैकिंग करने की मशीन ज़ब्त किया।
कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा के निर्देश पर एसडीएम राजीव जेम्स कुजूर व तहसीलदार पूनम रश्मि कुजुर व पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती रात्रि करीब 8 बजे राजपुर नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 5 में संचालित छड़- सीमेंट की दुकान स्वामी राजकुमार अग्रवाल की दुकान और गोदाम में छापेमारी की दुकान संचालक ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बताया जाता है कि इस दुकान में सामान्य धान को हाइब्रिड की जगह पैकिंग कर बेचा जा रहा था।
उक्त कंपनी का स्टिकर और नकली पैकिंग कर उसे स्थानीय बाजारों में भी बेचा जा रहा था।स्थानीय ग्रामीण और किसान कहते हैं कि पिछले कुछ सालों में राजपुर इलाके के गांव-गांव में नकली धान बीज मिलने से खेतों में पर्याप्त उपज नहीं मिल पा रही है और कई किसानों ने पिछले वर्ष भी इलाके में नकली बीच बेचे जाने की शिकायत विभाग से की थी।राजपुर कृषि विभाग द्वारा कभी भी दुकानों का परीक्षण नहीं किए जाने से स्थानीय बाजार में खुलेआम नकली खाद बीज भेजा जा रहा है आजकल गांव में हाइब्रिड के प्रति आकर्षण होने का फायदा और स्थानीय दुकानदार उठा रहे हैं और ब्रांडेड कंपनियों की जगह घर में पैकिंग कर नकली बीज बेचा जा रहा है। इस मामले के खुलासा होने के बाद आशंका है कि इस इलाका में एक बड़ा सिंडिकेट नकली बीच सप्लाई में कार्य कर रहा है,जिसकी जांच किए जाने की जरूरत है। राजपुर में कई सालों से सड़क किनारे बीज बेचे जाते हैं, और विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
कुछ सालों से कुछ सरकारी कर्मचारी भी बीज बिक्री में जुट गए हैं, और मुनाफा होने के कारण कई अमानक स्तर के बीच भी इलाके में बेच रह जा रहे हैं हाइब्रिड कंपनियों द्वारा स्थानीय रिटेलर और दुकानदारों को आकर्षक पैकेज दिया जाता है और विदेश घूमने का ऑफर तक का मौका दिया जाता है।सामान्य से अधिक कीमतों पर नकली बीज लेकर महंगे खाद के साथ खेती करने वाले किसान खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।राजपुर सहित पूरे इलाके में खाद बीज बिक्री केंद्रों की जांच और भौतिक सत्यापन किए जाने की मांग ग्रामीणों ने की है।
राजस्व विभाग ने दुकान को सील बंद कर पुलिस की तैनाती लगाई गई। दूसरे दिन आज सुबह 7 बजे राजस्व व पुलिस की संयुक्त पहुंचकर दुकान का निरीक्षण किया। मौके पर 93 बोरो हायर कंपनी की हाइब्रिड धान, 255 जुट की बारी में सिंपल धान, धान की पन्नी, तौलने व पैकिंग करने की मशीन ज़ब्त कर दुकान संचालक को सुपुर्द किया। वही दुकान संचालक को दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, ज़ब्त धान को जांच के लिए भेजा जा रहा है।
ज्ञातव्य है कि बलरामपुर जिले सहित राजपुर के दुकानों में नकली खाद- बीज पैकिंग कर किसानों को लूटा जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी कृषि विभाग के अधिकारी- कर्मचारियों को भी है। प्रत्येक दुकानों से प्रतिमाह 5 से 10 हज़ार रुपए लेकर बेचने का खुला छूट दिया गया है।
कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि छड़-सीमेंट की दुकान में हाइब्रिड धान पैकिंग की जा रही है, मौके पर राजस्व विभाग की टीम पहुंचकर जांच कर रही है, ग़लत पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।



