अंबिकापुर
(समाचारवाणी)
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विधानसभा सत्र के दौरान सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा की मांग पर तीन बड़े बहु प्रतीक्षित मांगों के पूरा होने से राजपुर सहित कुसमी शंकरगढ़ चांदो क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ज्ञात हो कि क्षेत्र की जनता द्वारा पिछले कई सालों से इन पुलों के निर्माण की मांग की जा रही थी। राज्य शासन द्वारा राजपुर ब्लॉक के नरसिंहपुर- मरकाडांड मार्ग पर महान नदी पर उच्च गुणवत्ता वाले पुल निर्माण एवं पहुंच मार्ग की स्वीकृति दी है, जिसकी लागत 10 करोड़ 2 लाख रुपए है।
इसी तरह बरियों से धौरपुर मार्ग पर गागर नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसी के साथ चांदो- सामरी- कुसमी मार्ग पर 3 किलोमीटर सड़क मजबूतीकरण की स्वीकृति मिली है।
इधर बरियों से धौरपुर के बीच पड़ने वाले गागर नदी पुल निर्माण एवं पहुंच मार्ग निर्माण हेतु 5 करोड़ 8 लाख की राशि स्वीकृत हुई है,, वही चांदो कुसमी मार्ग पर 7 करोड़, 8 लाख की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा। राज्य शासन द्वारा लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को समय सीमा के अंदर उच्च गुणवत्ता वाले पुल निर्माण हेतु निर्देशित किया गया है।
ज्ञात हो कि राजपुर ब्लॉक के नरसिंहपुर मारका डांड मार्ग पर एक लंबे अरसे से महान नदी पर पुल की मांग की जा रही थी।इस महान नदी से लगभग 20 गांव के आबादी का आना-जाना होता है। स्कूली बच्चे भी बारिश के दिनों में इस उफनती नदी को पार करके आना-जाना कर रहे थे। दूसरी ओर बरियों धौलपुर मार्ग पर गागर नदी में कई बार बाढ़ आ जाने से आवागमन बाधित होता था और क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से इन दोनों पुलों की मांग की जा रही थी। सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा द्वारा बजट में इन कार्यों को शामिल कराया गया था। आज इनके स्वीकृति की जानकारी मिलते ही राजपुर अंचल में खुशी की लहर दौड़ गई और क्षेत्रवासियों ने समरी विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है और कहा है कि ऊर्जावान सामरी विधायक की मांग पर श्री विष्णु देव सरकार के शासन में क्षेत्र वासियों को यह पहली सौगात मिली है जिससे एक बड़ी आबादी के जीवन में परिवर्तन हो सकेगा। इसके साथ समाज के सभी वर्ग को इन कार्य के स्वीकृति से फायदा मिलेगा।
बाढ़ से मिलेगी राहत,ग्रामीणों में ख़ुशी..
बरियों -धौरपुर मार्ग पर गागर नदी जहाँ पिछले सप्ताह दो दिन गागर नदी में बाढ़ आने से कई घंटे आवागमन थमा रहा।इस नदी पर ऊँचे पुल के निर्माण से बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। बरियों भाजपा मंडल कार्यकर्त्ता एवं अंचल के निवासीयों ने आज ख़ुशी का प्रदर्शन कर आपस में खुशियाँ बांटी।
अंचल की हर समस्या पर समाधान हेतु करुँगी प्रयास -उद्देश्वरी पैकरा
सामरी की लोकप्रिय महिला विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने आज विधानसभा सत्र के बाद रायपुर से फोन पर चर्चा करते हुए कहा कि वह सामरी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कृत संकल्पित हैं,और जनता की मांग के अनुरूप समस्याओं के समाधान के लिए वे सरकार से लगातार मांग कर रही हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को समस्त समस्याओं से अवगत कराते हुए इन्होंने आगामी कार्य योजना पर चर्चा की है,और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में राजपुर शंकरगढ़ कुसमी को विकास की नई सौगात मिलेगी।




