राजपुर (बलरामपुर)
(समाचारवाणी)
राजपुर से 3 किलोमीटर दूर ओकरा - पतरापारा ग्राम को राजपुर से जोड़ने वाले गेउर नदी पर आज 3 फीट पानी बहने से इस पुल पर 2 घंटे आवागमन बंद रहा। सुबह 9:00 बजे से पुल के ऊपर से तेज़ पानी बहने लगा।तेज बहाव और अचानक आई बाढ़ से दोनों और से आर पार होने वाले ग्रामीणों की आवाजाही रुक गई और बाइक सवार, छोटे वाहन 2 घंटे तक दोनों और फंसी रही। इस दौरान राजपुर हाई स्कूल और दूसरे काम से आने वाले, छात्र-छात्राओं और कृषि कार्य के लिए आने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पांच ग्रामों का मुख्यालय से संपर्क टूटा रहा।
इन दिनों लगातार हो रही क्षेत्र में बारिश के बाद राजपुर के समीप गेउर और गागर नदी में लगातार जलस्तर बढ़ा हुआ है गेउर नदी में शंकरगढ़ क्षेत्र में लगातार बारिश होने के बाद इस नदी में आज रात से ही जलस्तर बढ़ गया था और आज सुबह से राजपुर ओकरा के बीच पुल पर दोनों ओर जाम लग गया।
आज सावन सोमवार होने के कारण ओंकारेश्वर मंदिर कोठी पत्थर में दर्शन पूजा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को नदी में आई बाढ़ के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा और जलस्तर उतरने के बाद ही श्रद्धालु पूजा अर्चना करने ओंकारेश्वर शिव मंदिर आ सके।
पुल की कम ऊंचाई से हर साल आती है बाढ़
प्रारंभ से ही गेउर नदी की ऊंचाई कम होने से बारिश में अचानक बाढ़ आ जाने से इस मार्ग में आवागमन बंद हो जाता है,और ग्रामीणों की जान खतरे में होने के कारण प्रशासन द्वारा पुल पर आवागमन रोक दिया जाता है।
जर्ज़र पुलों के टूटने का बढ़ा ख़तरा..
नेशनल हाईवे 343 पर गेउर नदी और गागर नदी पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद कोई मरम्मत न होने से इस पुल के टूटने का खतरा बढ़ते जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों द्वारा ध्यान न दिए जाने से इस पुल का मरम्मत नहीं हो पा रहा है,और धीरे-धीरे पुल का स्लैब, गार्ड वॉल टूटता जा रहा है जो राहगीरों के लिए खतरे का सबब बनता जा रहा है।


