- 66.99 करोड़ रुपये की लागत के 87 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास, 116 हितग्राहियों को सहायता राशि एवं सामग्री प्रदाय
- मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणाएं- रामानुजनगर में मिनी स्टेडियम, पटना में हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन एवं नगरपालिका सूरजपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज की बाउंड्रीवाल का निर्माण.
- जनता जनार्दन से मिलकर मिलती है काम करने की नई ऊर्जा- मुख्यमंत्री.
सूरजपुर
(समाचारवाणी)
मुख्यमंत्री, विष्णुदेव साय ने आज जनपद पंचायत रामानुजनगर के ग्राम रामपुर में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर में शिरकत कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 66.99 करोड़ रुपये की लागत के कुल 87 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात प्रदान की। उन्होंने शिविर स्थल पर लगे विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा 116 हितग्राहियों को सहायता राशि एवं सामग्री का वितरण किया।
मुख्यमंत्री ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति प्रबल जनभागीदारी एवं शासन के प्रति अटूट विश्वास को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि जनता ने सरकार बनाई है और सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर यह जानने का प्रयास कर रही है कि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सही ढंग से पहुंच रहा है या नहीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सूरजपुर का यह उनका 11वां जिला प्रवास है तथा 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों के दौरे का लक्ष्य निर्धारित है। प्रत्येक जिले में योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं लंबित मामलों की समीक्षा की जा रही है तथा ग्राम पंचायत स्तर पर ही समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। औचक निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं की सतत निगरानी भी की जा रही है तथा नागरिक सुविधाओं के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने तेन्दूपत्ता संग्राहक माताओं-बहनों को चरण पादुका योजना के तहत वितरित किए जा रहे जूतों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में ग्रामीण नंगे पैर जंगल जाते थे, अब इस योजना से उन्हें बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने किसानों को 3716 करोड़ रुपये बोनस वितरण का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है तथा लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित महिलाओं से योजना की राशि नियमित रूप से प्राप्त होने की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से प्रदेशवासियों को लाभान्वित किया जा रहा है। अटल डिजिटल सेवा केन्द्र के माध्यम से बैंकिंग एवं अन्य आवश्यक सेवाएं ग्राम स्तर तक पहुंचाई जा रही हैं तथा ई-डिस्ट्रिक्ट प्रणाली के अंतर्गत आय, जाति, निवास सहित अनेक प्रमाण पत्र अब घर बैठे प्राप्त हो सकेंगे।
शीघ्र ही ’मुख्यमंत्री हेल्पलाइन’ प्रारंभ की जाएगी, जहां नागरिक टोल फ्री नंबर के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि बिजली बिल भुगतान शिविर 31 जून तक आयोजित किए जाएंगे तथा उपभोक्ताओं से इसका अधिकाधिक लाभ उठाने एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़कर ’जीरो बिजली बिल’ की दिशा में अग्रसर होने का आह्वान किया। धान बुवाई के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। खरीफ सीजन के पूर्व ही खाद, बीज, नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे खेती की लागत में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि विकसित एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार का सर्वाेच्च लक्ष्य है तथा विकास की गति को और तेज किया जाएगा। अंत में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त समस्त आवेदनों का प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण किया जाएगा तथा उपस्थित जनसमुदाय से प्राप्त आत्मीय स्नेह एवं सम्मान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों का आनंद, मिट्टी के गिलास में जल ग्रहण
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसान रघुनंदन सिंह के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने हितग्राहियों के साथ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक भोजन का आनंद लिया। सरई पत्ते से बने दोना-पत्तल में परोसे गए भोजन में मिट्टी के चूल्हे पर बनी कोयलार भाजी, कोचई पत्ते से बना ईढ़र एवं आम की चटनी जैसे पारंपरिक व्यंजन सम्मिलित थे।
मुख्यमंत्री ने मिट्टी के गिलास में जल ग्रहण कर छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं परंपराओं से अपने आत्मीय जुड़ाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ष्जनता जनार्दन से मिलकर खुशी होती है और उनसे मिलकर उत्साह से कार्य करने की नई ऊर्जा मिलती है।
प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी समस्याओं के निराकरण के लिए स्वयं सरकार आपके द्वार पर पहुंची है, जो वर्तमान शासन की संवेदनशीलता एवं जनप्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दूरदर्शी नेतृत्व में सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत रूप में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के द्वारा प्रदेश के कोने-कोने में जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना तथा मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन का स्वयं अवलोकन करना यह सिद्ध करता है कि वर्तमान सरकार वातानुकूलित कक्षों में बैठकर निर्णय लेने वाली नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी पीड़ा समझने एवं तत्काल समाधान प्रदान करने वाली सरकार है।
प्रेमनगर, विधायक भूलन सिंह मरावी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में प्रदेश शासन ’ *सरकार आपके द्वार’ की* भावना के साथ जनता के बीच पहुंचकर उनकी मांगों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहा है, जो सही मायनों में सुशासन की परिकल्पना को साकार करता है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार जैसे जनहितैषी आयोजन से ग्रामीण अंचल के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंच पा रहा है। उन्होंने क्षेत्र में स्वीकृत विकास कार्यों एवं घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से हार्दिक आभार ज्ञापित किया।
रामपुर क्लस्टर में 18 ग्राम सम्मिलित-
रामपुर क्लस्टर के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में रामपुर, पटना, साल्ही, आमगांव, जगरनाथपुर, राजापुर, सेन्दूरी, सागरपुर, चन्दरपुर, वेलसरा, परशुरामपुर, त्रिपुरेश्वरपुर, दवना, पतरापाली, सरईपारा, पम्पानगर, मोहनपुर एवं सूरता सहित कुल 18 ग्राम सम्मिलित रहे, जहां के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाया।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं-
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधा हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें रामानुजनगर में मिनी स्टेडियम का निर्माण, ग्राम पटना में हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन का निर्माण तथा नगरपालिका सूरजपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज की बाउण्ड्रीवाल का निर्माण सम्मिलित है। इन घोषणाओं से क्षेत्र में खेल, शिक्षा एवं तकनीकी विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखालाल राजवाड़े, भीमसेन अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, मुरली मनोहर सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव, सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त, रजत बंसल, कलेक्टर रेना जमील, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, डीएफओ डी.पी. साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, विजेन्द्र सिंह पाटले सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे।







