सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का संदेश लेकर मनाया गया सोमनाथ स्वाभिमान पर्व,सामंत सरना डीपाडीह में हुआ भव्य आयोजन
•सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर जारी हुआ विशेष डाक टिकट और 75 रुपये का स्मारक सिक्का.
•प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को मिल रही नई पहचान- विधायक उद्देश्वरी पैकरा.
•संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से है भारत की पहचान - सांसद श्री चिंतामणि महाराज.
बलरामपुर। समाचारवाणी
11 मई 2026
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व अटूट आस्था के 1000 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले के विकासखंड शंकरगढ़ अंतर्गत पुरातात्विक एवं धार्मिक स्थल सामंत सरना डीपाडीह में जिला स्तरीय राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैंकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने डीपाडीह में पूजा अर्चना की। स्थानीय पुजारी ने पारंपरिक रीति रिवाजों से विधिवत पूजा संपन्न कराई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर वर्चुअल रूप से जुड़कर पूरे देश को संबोधित किया एवं शुभकामनाएं दी। सोमनाथ आस्था के 1000 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा विशेष डाक टिकट एवं 75 रुपये का स्मारक चांदी का सिक्का भी जारी किया गया, जो देश की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान और गौरव का प्रतीक है।
इस अवसर पर स्कूली बालिकाओं द्वारा आकर्षक शिव तांडव नृत्य की प्रस्तुति दी गई। नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा कार्यक्रम स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। बालिकाओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति के माध्यम से भगवान शिव के प्रति श्रद्धा एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि भारत की पहचान उसकी प्रतिष्ठित सभ्यता, समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया गया और मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल रूप से जुड़ने से श्रद्धालुओं को सोमनाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सांसद श्री महाराज ने कहा कि सामंत सरना डीपाडीह भी ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व का स्थल है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत और आस्था का प्रतीक है।
सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं विभिन्न देवस्थलों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं तथा देश की आस्था और संस्कृति को सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामंत सरना एक प्राचीन एवं पुरातात्विक महत्व का स्थल है, जो आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को दर्शाता है। यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि लोगों की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। विधायक श्रीमती पैकरा ने कहा कि सामंत सरना तीन नदियों गलफुला, कन्हर और सुरिया के संगम पर स्थित है, जिससे इसकी पवित्रता और महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़े रहने का आह्वान किया।
रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि देश के धार्मिक एवं आस्था केंद्रों को सुव्यवस्थित एवं विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व आज पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। ऐसी मान्यता है कि यहां स्वयं भगवान विराजमान हैं तथा ज्योतिर्लिंगों में विशेष आध्यात्मिक शक्ति और आस्था जुड़ी हुई है। इतिहास में कई बार इस आस्था को तोड़ने और मंदिर को ध्वस्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी हमारी श्रद्धा और विश्वास को नहीं तोड़ सका। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पल हम सभी को अपनी संस्कृति, परंपरा और आस्था के प्रति प्रेरित करता है।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने कहा कि सोमनाथ मंदिर हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इसे प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में विशेष मान्यता प्राप्त है। इतिहास में महमूद गजनवी द्वारा कई बार सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण किए गए, लेकिन इसके बावजूद हमारी आस्था और संस्कृति अटूट बनी रही। उन्होंने कहा कि आज यह आयोजन श्रद्धा एवं स्वाभिमान के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को भी अपने इतिहास, संस्कृति और धार्मिक विरासत के बारे में जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहें। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपना व्यक्तव्य रखा।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती चिंतामणि भगत, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंगदा देव, अन्य जनप्रतिनिधिगण, अनुविभागीय अधिकारी श्री अनमोल विवेक टोप्पो, जनपद सीईओ श्री वेद प्रकाश पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद रहे। साथ ही जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया गया।
सांस्कृतिक प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी को विरासत से जोड़ने का संदेश
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों, आभूषणों एवं सांस्कृतिक सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय कलाकारों एवं ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक धरोहरों का प्रदर्शन कर जनजातीय संस्कृति की विशेषताओं से लोगों को अवगत कराया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं से जोड़ने का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान समूह की दीदियों द्वारा विभिन्न उत्पादों एवं कला कृतियों का प्रदर्शन किया गया।
Editor -S. Tiwari
(Samachar vani news.. ambikapur)



















