राजपुर।बलरामपुर
(समाचारवाणी)
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत “गांव-गांव, द्वार-द्वार जनसमस्या निवारण शिविर” का आयोजन गुरुवार को नगर पंचायत राजपुर के सब्जी मार्केट परिसर के समीप किया गया। शिविर में नगर पंचायत क्षेत्र के सभी 15 वार्डों के नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 67 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 9 शिकायत संबंधी तथा 58 मांग संबंधी आवेदन शामिल रहे। राजस्व विभाग को 14 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सीमांकन के 5 प्रकरण लंबित बताए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इसके बाद भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विधायक ने दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पूजन सामग्री एवं श्रृंगार सामग्री भेंट की। शिविर में प्रधानमंत्री आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड, एवं श्रम विभाग की ओर से सहायता राशि प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मई और जून माह में किसानों एवं ग्रामीणों को अपेक्षाकृत समय मिलने के कारण इस अवधि में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं।
उन्होंने लोगों से आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड तथा अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। विधायक ने कहा कि जिन पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे शिविर में आवेदन देकर अपना कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि लाभार्थी महिलाओं को योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे, इसके लिए 30 जून तक ई-केवाईसी कराना आवश्यक है।
विधायक श्रीमती उद्देश्यवरी पैकरा ने राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के निर्माण कार्य से लोगों को हो रही असुविधा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान कुछ परेशानियां स्वाभाविक हैं, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। उन्होंने नगरवासियों से निर्माण कार्य में सहयोग एवं धैर्य बनाए रखने की अपील की।
शिविर के दौरान सब्जी एवं अन्य छोटे व्यवसाय करने वाले व्यापारियों ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर सब्जी बाजार के लिए स्थायी भवन निर्माण की मांग की। इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह ने कहा कि भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन सीमांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने आश्वस्त किया कि 10 दिनों के भीतर सीमांकन कराकर भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।
भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालियों की सफाई, जल निकासी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने विधायक उद्देश्वरी पैकरा की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के बीच लाकर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। उन्होंने राजस्व विभाग से सीमांकन एवं बंटवारा जैसे मामलों में तेजी लाने की मांग की ताकि नगरीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य विकास कार्यों को गति मिल सके।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि विधायक की अनुशंसा से नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनका टेंडर भी हो चुका है। जल्द ही सभी 15 वार्डों में निर्माण कार्य प्रारंभ होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 का निर्माण कार्य भी केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और इसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। साथ ही नगर के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
तो बंद करेंगे दुकान..
शिविर के दौरान बस स्टैंड राजपुर के व्यापारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के खिलाफ एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बस स्टैंड क्षेत्र में वर्षों से ठेला एवं छोटी दुकान लगाकर जीविकोपार्जन कर रहे व्यापारियों के साथ सीएमओ द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा उन्हें दुकान हटाने की धमकी दी जाती है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ गाली-गलौज भी की गई, जिससे वे आहत हैं।
व्यापारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 5 जून 2026 से बस स्टैंड के व्यापारी अनिश्चितकालीन दुकान बंद आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद विश्वास गुप्ता सहित अंकुर सोनी, अशोक कश्यप, मुन्ना गुप्ता, सचिन सोनी तथा अन्य उपस्थित रहे।
लगाए सभी आरोप हैं निराधार :सीएमओ
इस संबंध में नगर पंचायत सीएमओ रविंद्र लाल ने कहा कि व्यापारियों द्वारा लगाया गया आरोप निराधार है। बस स्टैंड में वाहनों की आवाजाही से दिक्कत हो रही थी जिसके मद्देनजर कुछ व्यवसायी को सड़क किनारे से हटाया गया है, एवं दुकानों में अतिक्रमण को हटाया गया है।उन्होंने कहा कि शासन का निर्देश है कि सभी दुकानों के सामने डस्टबीन अनिवार्य रूप से रखना है जिसके लिये जगह बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, महेंद्र गुप्ता, प्रदीप जायसवाल, प्रशांत सिंह, राजेश यादव, एसडीएम देवेंद्र प्रधान, तहसीलदार कावेरी मुखर्जी, नायब तहसीलदार नरेंद्र कंवर, सीएमओ रविंद्र लाल, थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह, रेंजर अजय वर्मा,पार्षद प्रदीप जायसवाल, विश्वास गुप्ता,बदरू गुप्ता, संदीप सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।












