किसानों को रकबा अनुरूप पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन..
राजपुर। बलरामपुर
(समाचारवाणी)
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने किसानों को खरीफ सीजन में आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुचारु वितरण सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर कलेक्टर बलरामपुर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि मानसून के आगमन के साथ धान सहित खरीफ फसलों की तैयारी शुरू हो चुकी है। ऐसे समय किसानों को यूरिया, डीएपी एवं अन्य उर्वरकों की पर्याप्त आवश्यकता होती है, लेकिन पूर्व वर्षों में खाद की कमी, अनियमित आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की अव्यवस्था के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था, जिससे कृषि कार्य भी प्रभावित हुए थे।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि जिले के सभी सहकारी समितियों एवं खाद वितरण केंद्रों में यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसानों के पंजीकृत रकबे के अनुसार खाद का वितरण किया जाए। साथ ही खाद की कालाबाजारी एवं कृत्रिम कमी पर प्रभावी रोक लगाने, वितरण केंद्रों में अतिरिक्त काउंटर एवं आवश्यक व्यवस्थाएं करने तथा खाद उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
नीरज तिवारी ने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और खेती-किसानी प्रभावित होगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाकर किसानों के हित में प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में रामनरायण जायसवाल, बृजेश मिश्रा, संजय पाण्डेय,सुरेश यादव, कौशल चौबे, पंकज ठाकुर, संजय यादव, रामनाथ राम, कृष्ण जायसवाल, विक्रम यादव उपस्थित थे।



