राजपुर।बलरामपुर
(समाचारवाणी)
राजपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बूढ़ाबगीचा में "मोर गांव मोर पानी" महाअभियान के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला में मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने आम जनों से बारिश के पानी खेतों में रोकने को प्रेरित किया और जल संरक्षण उपायों को भू जल स्तर बढ़ाने में उपयोगी बताया ।
इस अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज ने वर्षा जल संचयन एवं जल संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु खेतों के चारों कोनों में गड्ढे खोदकर वर्षा जल को संरक्षित करने के 5% मॉडल का अवलोकन किया तथा स्वयं गड्ढा खोदकर अभियान में सहभागिता की।
कार्यशाला में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने उपस्थित कृषक भाइयों एवं ग्रामीणजनों को वर्षा जल के संरक्षण, भू-जल स्तर बढ़ाने तथा भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अपने खेतों में जल संरचना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।इन्होने कहा कि जल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और जनभागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, ललन सिंह, कृष्णा गुप्ता, डीडी मराबी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





