राजपुर।बलरामपुर
(समाचारवाणी)
जिला बलरामपुर के राजपुर में सोमवार को सर्व ब्राह्मण सभा, जिला बलरामपुर के पदाधिकारियों एवं विप्र समाज के लोगों ने बिहार के भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में निष्पक्ष जांच और जनहित से जुड़ी उनकी लंबित मांगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम राजपुर को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि भरत भूषण तिवारी समाजहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय थे और उन्होंने भ्रष्टाचार सहित विभिन्न जनसमस्याओं को उठाया था। सभा का आरोप है कि उनका एनकाउंटर संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ, जिसकी निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच आवश्यक है। संगठन ने इसे गंभीर मामला बताते हुए दोषी पुलिस अधिकारियों पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने की मांग की है।
सर्व ब्राह्मण सभा ने प्रधानमंत्री के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें भरत भूषण तिवारी के परिजनों को उचित मुआवजा देने, उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच कराने, उनकी जनहित संबंधी सभी मांगों का शीघ्र निराकरण करने, भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कानून बनाकर दोषियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जन शिकायतों के समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण की व्यवस्था लागू करने की मांग शामिल है।
सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने के लिए केंद्र एवं संबंधित राज्य सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। इस दौरान जिला अध्यक्ष बी एन द्विवेदी, संरक्षक राजेंद्र तिवारी,सत्येंद्र पाण्डेय, नरेन्द्र शुक्ला, जे.पी. त्रिपाठी, राजन त्रिपाठी, संतोष तिवारी, स्वतंत्र मिश्रा, कौशल चौबे, विजय तिवारी,सुनील चौबे, विकास तिवारी, संजय पाण्डेय, प्रमोद तिवारी, बृजेश पाण्डेय सहित सर्व ब्राह्मण सभा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।


