अपडेट: एनएच-343 पर बहाल हुआ आवागमन, धंसी डायवर्जन सड़क से फंसा ट्रेलर हटते ही खत्म हुआ लंबा जाम
अंबिकापुर।बलरामपुर
(समाचारवाणी)
राष्ट्रीय राजमार्ग -343 के अंबिकापुर रामानुजगंज मार्ग स्थित पस्ता थाना क्षेत्र में आज सुबह निर्माणाधीन पुलिया के डायवर्जन मार्ग के धंस जाने से घंटो मार्ग में जाम लगा रहा और वाहनों की लंबी कतार लगी रही।पुलिस एवं ठेकेदार द्वारा गड्ढे में फंसे ट्रेलर को जेसीबी की मदद से बाहर निकाल लिया गया, जिसके बाद सड़क की मरम्मत कर वाहनों का आवागमन फिर से शुरू करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिया निर्माण कार्य के चलते वाहनों की आवाजाही अस्थायी डायवर्जन मार्ग से कराई जा रही थी। इसी दौरान डायवर्जन सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे एक ट्रेलर का पहिया गड्ढे में फंस गया। ट्रेलर के बीच सड़क पर अटकने से दोनों ओर ट्रक, ट्रेलर और अन्य भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सुबह करीब 3 बजे से कई वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पस्ता पुलिस, पेट्रोलिंग टीम और निर्माण एजेंसी मौके पर पहुंची।
जेसीबी की सहायता से ट्रेलर को बाहर निकालने के बाद धंसे हिस्से की तत्काल मरम्मत की गई। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मार्ग को सुरक्षित घोषित करते हुए वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई।
फिलहाल एनएच-343 पर यातायात सामान्य हो गया है। हालांकि निर्माणाधीन क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है।





