अंबिकापुर से प्रदेश की राजधानी रायपुर के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस हो प्रारंभ:जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश तिवारी

अंबिकापुर से प्रदेश की राजधानी रायपुर के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस हो प्रारंभ:जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश तिवारी

samacharvani.com
0


अंबिकापुर 

(समाचारवाणी) 

 सरगुजा क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अंबिकापुर से प्रदेश की राजधानी रायपुर के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस प्रारंभ करने  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र प्रेषित कर, इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है।ज्ञातव्य है कि सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज दिल्ली में रेल मंत्री से मांग के साथ जोन की बैठक में पुरजोर तरीके से इंटरसिटी एक्सप्रेस की मांग उठाते रहे हैं, और अंबिकापुर में यात्री सुविधा हेतु सांसद चिंतामणि महराज ने लगातार पहल की है। मुकेश तिवारी रेलवे जोन की सभी बैठकों में सरगुजा की रेल सुविधा और अंबिकापुर स्टेशन में सुविधा विस्तार हेतु सार्थक पहल कर चुके हैं।

क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी ने महाप्रबंधक,बिलासपुर को इस संबंध में  ज्ञापन प्रेषित कर अंबिकापुर और रायपुर के बीच प्रतिदिन सुबह एक सीधी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन संचालित करने की मांग की है, जो कम समय में सीधे रायपुर पहुंच सकेगी। वर्तमान में इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है,लेकिन सुविधाजनक समय पर सीधी इंटरसिटी ट्रेन उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

क्यों ज़रूरी है इंटरसिटी ट्रेन..

  अंबिकापुर संभाग मुख्यालय होने के साथ-साथ सरगुजा, बलरामपुर और जशपुर जिलों के लाखों नागरिकों का प्रमुख रेल केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी, अधिवक्ता, शासकीय कर्मचारी एवं आम नागरिक बिलासपुर व राजधानी रायपुर की यात्रा करते हैं। वर्तमान रेल सेवाएँ यात्रियों की बढ़ती मांग और समयानुकूल आवश्यकता को पूरा करने में अपर्याप्त हैं। रात्रिकालीन अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस में भी पर्याप्त आरक्षण उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

  जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश तिवारी ने सुझाव दिया है कि अंबिकापुर से प्रातः 4 बजे रवाना होकर लगभग 11बजे रायपुर पहुँचने वाली तथा रायपुर से सायं 4 बजे रवाना होकर रात्रि 11 बजे अंबिकापुर पहुँचने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जाए। इससे यात्रियों को एक ही दिन में आवागमन की सुविधा मिलेगी।



Pics by surendra t.

  



पत्र में उल्लेख किया गया है कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म एवं पिट लाइन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो आगामी कुछ महीनो में संपन्न  होने वाला है। इसके बाद नई ट्रेन का संचालन तकनीकी एवं परिचालन दृष्टि से पूरी तरह व्यवहारिक होगा। इस प्रस्ताव पर 26 मई 2025 की 20वीं ZRUCC बैठक में विचार करने तथा 23 फरवरी 2026 की 21वीं ZRUCC बैठक में संज्ञान लेकर अग्रेतर कारवाई के लिए  आश्वासन दिया गया था।

                नई ट्रेन सेवा शुरू होने से उत्तर छत्तीसगढ़ और प्रदेश की राजधानी रायपुर के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा, रेलवे की आय बढ़ेगी तथा क्षेत्र के लोगों को किफायती एवं सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध होगा।मुकेश तिवारी ने महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि जनभावनाओं, बढ़ती यात्री मांग और तैयार हो रही आधारभूत संरचना को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृत किया जाए।






(Samachar vani news desk.. Ambikapur) 


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)