बलरामपुर जिले के ग्राम पतरापारा में आकाशीय बिजली गिरने से माँ-बेटी की दर्दनाक मृत्यु..
राजपुर।बलरामपुर
(समाचारवाणी)
आज थाना राजपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम पतरापारा में आकाशीय बिजली गिरने से माँ एवं पुत्री की मृत्यु होने की दुःखद घटना सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पतरापारा निवासी प्रमोद कुमार टेकाम (उम्र 22 वर्ष) द्वारा थाना राजपुर में मर्ग सूचना दर्ज कराई गई कि उसकी परिजन मानती टेकाम (उम्र 33 वर्ष) एवं उनकी पुत्री कुमारी विमला टेकाम (उम्र 14 वर्ष) खेत में कार्य करने गई थीं। दोपहर लगभग 2:10 बजे अचानक वर्षा प्रारंभ होने पर दोनों वर्षा से बचने के लिए पास स्थित एक सेमर के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना प्राप्त होते ही थाना राजपुर पुलिस थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह द्वारा द्वारा तत्काल मर्ग कायम कर पुलिस दल को घटनास्थल रवाना किया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
राजपुर पुलिस ने अपील की है कि
वर्षा एवं गरज-चमक के दौरान नागरिक खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे अथवा बिजली गिरने की आशंका वाले स्थानों पर शरण न लें। ऐसे समय सुरक्षित भवन अथवा अन्य सुरक्षित स्थान पर ही रहें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।


