100 बिस्तरीय अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस और ब्लड स्टोरेज जैसी सुविधाओं के लिए राशि जारी-स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल

100 बिस्तरीय अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस और ब्लड स्टोरेज जैसी सुविधाओं के लिए राशि जारी-स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल

samacharvani.com
0

कांवरिया सेवा समिति रामानुजगंज द्वारा बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए किया जा रहा सेवा कार्य सराहनीय है आज छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री ने रामानुजन में अपने 100 समर्थकों के साथ सेवा समिति के सदस्यों से मुलाकात कर मीडिया को संबोधित किया..




रामानुजगंज।बलरामपुर 

(समाचारवाणी) 

 पवित्र सावन माह में देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जाने वाले कांवरियों की सेवा के लिए शहर के दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में हर वर्ष विशेष व्यवस्था की जाती है। इसी क्रम में आज छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल देवघर जाते समय पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन पहुंचे। यहां कांवरिया सेवा समिति की ओर से शिवभक्तों के लिए की जा रही भोजन और अन्य निःशुल्क सेवाओं का जायजा लिया और सेवा कार्य की सराहना की। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने मांगलिक भवन में प्रसाद ग्रहण किया।



     मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लगातार 28 वर्षों से सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि इस बार भी वे अपने दल के करीब 100 लोगों के साथ सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि देवघर जाने वाले कांवरियों के लिए रामानुजगंज छत्तीसगढ़ का अंतिम महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुकते हैं और कांवरिया सेवा समिति द्वारा शिवभक्तों के लिए भोजन सहित अन्य सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक कर वे पूरे छत्तीसगढ़ की जनता की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। यहां के स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उन्होंने कहा कि 100 बिस्तरीय अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस और ब्लड स्टोरेज जैसी सुविधाओं के लिए राशि पहले ही जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि काम पूरा करने की प्रक्रिया चल रही है और आगामी 2 से 4 महीनों में इन सुविधाओं को शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में 100 बिस्तरीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।



   उल्लेखनीय है कि, रामानुजगंज के 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन सुविधाओं की मांग लंबे समय से की जा रही है। स्थानीय विधायक एवं मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों और क्षेत्रवासियों की मांग के बाद मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के तहत ऑपरेशन थिएटर,डायलिसिस यूनिट, और ब्लड स्टोरेज यूनिट के लिए करीब 1 करोड़ 65 लाख 92 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही जारी हो चुकी है। इसके बावजूद सुविधाएं अब तक पूरी तरह शुरू नहीं हो सकी हैं। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री का नया समयबद्ध आश्वासन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पहले भी घोषणाएं होती रही हैं। सरकार बनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री के बैद्यनाथ धाम प्रवास के दौरान आमंत्रण धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में दो डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक और सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। लंबे समय से इन सुविधाओं के शुरू होने का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि पहले से स्वीकृत राशि और नए आश्वासन के बाद काम तेजी से आगे बढ़ेगा। डायलिसिस, रक्त की उपलब्धता और आवश्यक सर्जिकल सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिलने से रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को दूसरे शहरों की दौड़ से राहत मिल सकेगी।इस अवसर पर नगर अध्यक्ष रमन अग्रवाल, अशोक जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्त्ता, नागरिक, महिलाएं सहित शिवभक्त बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)