पर्यटन स्थल मैनपाट में ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखकर मैनपाट गिफ्ट गैलरी और किसान बाजार का शुभारंभ,एचपीसीएल के आउटलेट ऋषित पेट्रोलियम परिसर में इन स्टोर का उद्घाटन

पर्यटन स्थल मैनपाट में ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखकर मैनपाट गिफ्ट गैलरी और किसान बाजार का शुभारंभ,एचपीसीएल के आउटलेट ऋषित पेट्रोलियम परिसर में इन स्टोर का उद्घाटन

samacharvani.com
0




अंबिकापुर।मैनपाट 

(समाचारवाणी) 

 हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने पर्यटन स्थल मैनपाट में ग्राहकों की सेवा और सुविधा को ध्यान में रखकर मैनपाट गिफ्ट गैलरी  और किसान बाजार का शुभारंभ किया। एचपीसीएल के आउटलेट ऋषित पेट्रोलियम परिसर में इन स्टोर का उद्घाटन  महाप्रबंधक समीर एक्का ने एच.आर. हेड धीरज कुमार,उप महाप्रबंधक अर्नब चटर्जी और वरिष्ठ अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में किया।



          हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड उपभोक्ताओं  के अनुभव को लगातार बेहतर बनाने के उद्देश्य से ग्राहकों को दी जाने वाली सेवाओं का दायरा निरंतर बढ़ा रहा है। मैनपाट गिफ्ट गैलरी और किसान बाजार इसी कड़ी में बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय की सरगुजा संभाग में नवीनतम पेशकश है। 

महाप्रबंधक समीर एक्का ने उद्घाटन अवसर पर बताया कि एचपीसीएल का यह स्टोर ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने और 'खुशियां पहुंचाने' के हमारे आदर्श वाक्य को साकार करने का प्रयास करेगा। मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अर्नब चटर्जी ने कहा कि एचपीसीएल के स्टोर खुदरा क्षेत्र में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। मैनपाट गिफ्ट गैलरी में पर्यटकों का अनुभव असाधारण होगा। यह गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों की संतुष्टि को भी बढ़ाएगा।




 संस्थान के संचालक मुकेश तिवारी ने बताया कि पर्यटकों की पसंद व रुचियां को ध्यान में रखकर आकर्षक गिफ्ट सामग्री, स्थानीय कलाकृति एवं उत्पाद, आर्गेनिक व हर्बल सामान और अन्य उपयोगी सामग्री प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उपलब्ध रहेगी। साथ ही किसान बाजार से कृषक भाइयों को बीज,दवा, खाद और उपयोगी सामग्री एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के साथ उपलब्ध कराने की यह अभिनव एवं जनहितकारी पहल है।मैनपाट में ये स्टोर आम उपभोक्ताओं को सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं व्यापारिक अवसरों को नई दिशा प्रदान करेगी। ऋषित पेट्रोलियम परिसर में स्थित मैनपाट गिफ्ट गैलरी के उद्घाटन अवसर पर एचपीसीएल के  बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी गण, अंबिकापुर सेल्स एरिया के विक्रय अधिकारी मनीष परेता, विक्रय क्षेत्र संचालक गण सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।





एचपीसीएल ने मृत सीएसए विद्यावती टोप्पो के परिजनों को दी 20 लाख की अनुग्रह राशि

 हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड  ने रिंग रोड स्थित श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप में कार्यरत कस्टमर सेल्स एग्जीक्यूटिव (सीएसए) विद्यावती टोप्पो की कार्य के दौरान पिछले वर्ष हुई हत्या के लगभग दस महीने बाद उनके परिजनों को 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की है।



मैनपाट के सैला रिसोर्ट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में एचपीसीएल के महाप्रबंधक समीर एक्का और मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अर्नब चटर्जी ने मृतका के पिता हीरालाल उरांव तथा माता सुमंती को 20 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री एक्का ने कहा कि सीएसए हमारे परिवार का महत्वपूर्ण सदस्य है, जो हर समय और हर परिस्थिति में ड्यूटी करता है। सीएसए के परिवार को यह अनुग्रह राशि पारिवारिक सदस्य की सहायता के रूप में दी जा रही है।

कार्यक्रम में मृतका की आत्मा की शांति के लिए मौन धारण कर एचपीसीएल परिवार द्वारा श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र सिंह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संदीप त्रिपाठी ने किया।इस मौके पर एचपीसीएल के अधिकारी, नंगे पांव सत्याग्रह के राजेश सिंह सिसोदिया, मृतका की बहन सविता टोप्पो,अन्य परिजन, अंबिकापुर विक्रय के डीलर तथा कस्टमर सेल्स एग्जीक्यूटिव बड़ी संख्या में उपस्थित थे।





(Samachar Vani News)
 Editor -Sushma Surendra


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)