
अंबिकापुर
(समाचारवाणी)
आज आवारा मवेशियों के खिलाफ ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन जिला मुख्यालय अंबिकापुर में दिखा जब सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को पकड़कर ग्रामीण कलेक्ट्रेट कार्यालय लेकर पहुंचे। इससे परिसर के मुख्य द्वार पर बड़ी संख्या में आवारा मवेशियों का जमावड़ा लग गया।
कलेक्ट्रेट परिसर के सामने आवारा मवेशियों के झुंड को देख हैरान परेशान अधिकारी कर्मचारी ने ग्रामीणों से बात कर कार्यवाही का आश्वासन दिया, तब ग्रामीण वापस लौटे।ग्रामीणों ने गाय बैलों को कलेक्टरेट कैंपस में ही छोड़ दिया। उनका कहना था कि जब मवेशी हमारे नहीं तो हम नुकसान क्यूँ उठायें। दिन भर कलेक्टर कैंपस में गहमा गहमी बनी रही।
ग्रामीणों का आरोप है कि वे पशुपालकों की मनमानी से परेशान हो चुके हैं और परसा सहित आसपास के गाँव में 50 एकड़ की फसल इनसे बर्बाद हो चुकी है। नगर निगम द्वारा आवारा पशुओ को पकड़कर आसपास ग्रामों में छोड़ने से कई ग्रामीण परेशान हो रहे हैं।
इधर मवेशियों को सड़कों पर आवारा छोड़ने से सड़क दुर्घटना बढ़ गई हैं। परसा, भकुरा के ग्रामीण आज बड़ी संख्या में पशुओं को हाँकते कलेक्टर कैंपस पहुंचे और अनोखा प्रदर्शन चर्चा में रहा।



