अंबिकापुर
(समाचारवाणी)
बलरामपुर में एक झोलाछाप, नीम हकीम डॉक्टर द्वारा 3 साल के मासूम बच्चे को गलत इंजेक्शन लगाने से बच्चे की मौत के मामले में बलरामपुर पुलिस ने आरोपी बालेश्वर सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।आरोपी ने पुलिस टीम के पहुंचने पर लकवा ग्रस्त होने का नाटक भी किया था लेकिन पुलिस की पूछताछ में उसने बच्चों के इलाज की स्वीकारोक्ति की।
थाना बलरामपुर में मर्ग क्रमांक 63/2026 की जांच के दौरान 03 वर्षीय बालक की उपचार के दौरान मृत्यु के मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी बालेश्वर सिंह, पिता चमस उम्र 51 वर्ष, निवासी सरनाडीह, थाना बलरामपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 19.08.2026 को लगभग 07:00 बजे सूचक/प्रार्थी रमेश चेरवा अपने 03 वर्षीय पुत्र अभी चेरवा को बुखार आने पर आरोपी बालेश्वर सिंह के घर लेकर गया था। आरोप है कि आरोपी द्वारा बालक को TaXim 250 mg इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगाने के उपरांत बालक की स्थिति बिगड़ गई तथा उपचार हेतु जिला अस्पताल बलरामपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई।*
*मामले की जांच के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर, गवाहों के कथन लिये गये तथा आरोपी बालेश्वर सिंह का कथन दर्ज किया गया। आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार करने एवं घटना में प्रयुक्त cefotaxime sodium के संबंध में जानकारी देने पर उक्त सामग्री को विधिवत जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा चिकित्सा संबंधी कार्य करने के लिए वैध चिकित्सकीय पात्रता/पंजीयन नहीं होने के बावजूद 03 वर्षीय बालक को इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद बालक की तबीयत गंभीर हुई और उपचार हेतु अस्पताल ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई।
प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध धारा 105, 271, 318 बीएनएस एवं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। आरोपी को दिनांक 21.08.2026 को 11:35 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के पश्चात उसे न्यायालय में पेश किया गया तथा प्रकरण की शेष विवेचना के लिए न्यायिक रिमांड प्राप्त की गई है।
थाना बलरामपुर पुलिस द्वारा प्रकरण की विवेचना साक्ष्य-आधारित तरीके से की जा रही है।


