अर्धरात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साक्षी बने हजारों श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
रामानुजगंज
(समाचारवाणी)
यहां के कन्हर नदी तट पर स्थित प्रतिष्ठित एवं प्राचीन श्रीराम मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आस्था, भक्ति और उल्लास के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट एवं मंदिर परिसर में कान्हा के विभिन्न स्वरूपों के मनोहारी चित्रों से विशेष सजावट की गई थी जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
शहर में स्थित प्राचीन राम मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व हर वर्ष विशेष रूप से मनाया जाता है। शाम से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जैसे-जैसे रात बढ़ती गई, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। अर्धरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के समय नगरवासियों का जनसमूह उमड़ पड़ा। भगवान के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं प्रसाद वितरण का व्यवस्था हर वर्ष पीपल चौक दुर्गा पूजा समिति के द्वारा की जाती है। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे जन्मोत्सव में शामिल हुए।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर में विशेष विद्युत सजावट एवं फूलों से की गई सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। देर रात तक मंदिर में भक्ति का माहौल बना रहा। शहर में जन्माष्टमी का पर्व श्री राम मंदिर के साथ-साथ राधा कृष्ण मंदिर हनुमान मंदिर में भी मनाया जाता है।
कान्हा को पालने में झुलाने उमड़े श्रद्धालु
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं में कान्हा को पालने में झुलाने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में सजे आकर्षक पालने में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को विराजमान कराया गया। भक्तगणों ने बारी-बारी से कान्हा को पालने में खूब झुलाया और लड्डू गोपाल से सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंजता रहा।
मंदिर परिसर में स्थित भगवान भोलेनाथ का हुआ विशेष श्रृंगार
जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर यहां के हर्षित कलवार ने किया भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार। जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार भी किया गया। भगवान शिव को श्री कृष्ण के स्वरूप में आकर्षक ढंग से सजाकर फूल-मालाओं, वस्त्रों एवं पूजन सामग्री से श्रृंगारित किया गया। इसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। भगवान भोलेनाथ के श्रृंगार के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।





