सरगुजा अंचल की बहुप्रतीक्षित वायुसेवा शुरू होने की उम्मीद जगी
अंबिकापुर (समाचारवाणी)
अंबिकापुर के दरिमा हवाई अड्डे से अब नियमित उड़ान की राह आसान हो गई है, और शीघ्र ही सरगुजा वासियों को वायु सेवा की सुविधा मिल सकेगी । शीघ्र ही दरिमा एयरपोर्ट से बिलासपुर रायपुर रूट पर नियमित उड़ान संभव हो सकेगी। इस सूचना के बाद सरगुजा वासियों में खुशी की लहर है।
भारत सरकार के डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन कार्यालय द्वारा मां महामाया एयरपोर्ट अम्बिकापुर को उड़ान हेतु लाइसेंस जारी कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार डीजीसीए की टीम द्वारा एयरपोर्ट अधोसंरचना और आवश्यक मानदंडों का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी कड़ी में गत दिवस बीसीएएस यानी ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी की टीम द्वारा अंतिम निरीक्षण किया गया था। यात्रियों और उड़ान संचालन की सुरक्षा के लिए विकसित बुनियादी ढांचे की स्थिति और सुविधाओं के लिए बीसीएएस द्वारा निरीक्षण किया गया था, जिसमें सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए हवाई अड्डे की उपयुक्तता की पुष्टि की गई और टीम ने सभी पहलुओं पर संतोष जताया। अंतिम मंजूरी जारी करने के लिए रिपोर्ट बीसीएएस मुख्यालय दिल्ली को भेजी गई जिसके परिणाम स्वरूप अगले ही दिन शुक्रवार को डीजीसीए से एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री बेदिया ने बताया कि लाइसेंस जारी होने के साथ अब शासन के दिशा निर्देश के तहत विमान परिचालन कंपनी के लिए निविदा जारी होगी, इस प्रक्रिया में लगभग एक माह का समय लगेगा इसके बाद अंबिकापुर से बिलासपुर और रायपुर रूट पर प्लेन सेवा शुरू होगी।
Samachar Vani news desk, ambikapur


