नाली निर्माण विवाद में सीएमओ एवं पार्षद के बीच मारपीट,

नाली निर्माण विवाद में सीएमओ एवं पार्षद के बीच मारपीट,

samacharvani.com
0

 



राजपुर (बलरामपुर)

नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक 04 में बन रहे नाली निर्माण का विवाद अब इतना तूल पकड़ लिया कि पार्षद व सीएमओ के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। शनिवार को जब सीएमओ एवं इंजीनियर जब वार्ड क्रमांक 04 में बन रहे नाली निर्माण के निरीक्षण में पहुँचे तो वहाँ वार्ड पार्षद एवं सीएमओ के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई,विवाद इतना बढ़ गया कि पार्षद एवं उनके पुत्र एवं सीएमओ के बीच हाथापाई  की स्थिति निर्मित हो गई । सीएमओ ने पार्षद एवं उनके पुत्र पर मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज़ कराई है।

     वार्ड क्रमांक 04 में बन रहे नाली निर्माण शुरू से ही विवाद में रहा है। नाली निर्माण और वहाँ निकाले गए मलवे के कारण पूर्व में भी वार्ड पार्षद एवं सीएमओ के बीच काफी विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। आज शनिवार की सुबह जब सीएमओ राजेश कुशवाहा और इंजीनियर मुकेश दुबे ने वार्ड क्रमांक 04 में बन रहे नाली के निरीक्षण में पहुँचे तो वहाँ पड़े मलवे को लेकर वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद पुरन चंद जायसवाल एवं मुख्य नगर पंचायत अधिकारी राजेश कुशवाहा के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

          घटना के बाद सीएमओ राजेश कुशवाहा ने वार्ड क्रमांक 04 से कांग्रेस पार्षद पूरनचंद जायसवाल व उनके पुत्र करण जायसवाल पर मारपीट व गाली गलौज का आरोप लगाते हुए राजपुर पुलिस में शिकायत की है। सीएमओ ने राजपुर पुलिस से शिकायत करते हुए मांग की है कि जल्द से जल्द दोनों के ऊपर कार्यवाही की जाए, अन्यथा कार्यवाही ना होने की स्थिति में नगर का साफ-सफाई, जल आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था किया जाना सम्भव नहीं होगा। जिससे आदर्श आचार संहिता एवं लोकसभा निर्वाचन 2024 का कार्य प्रभावित हो सकता है। 

    वहीं इस घटना के बाद  वार्ड पार्षद सहित अन्य दर्जनों स्थानीय लोगों ने राजपुर सीएमओ के खिलाफ भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वार्ड पार्षद पुरनचंद जायसवाल ने सीएमओ के खिलाफ गाली गलौज एवं जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है।  पार्षद पुरनचंद जायसवाल ने सीएमओ के खिलाफ एफआईआर करते हुए यथाशीघ्र कानूनी कार्रवाई करने का लिखित आवेदन दिया है।

   ज्ञातव्य है कि वार्ड कमांक 04 में नाली निर्माण कार्य ठेकेदार विकास कुमार गुप्ता के द्वारा बनाया जा रहा है। नाली निर्माण एवं वहां पर नाली से निकाले गए मालवे के कारण पिछले काफी समय से विवाद की स्थिति निर्मित है। पुलिस ने सीएमओ राजेश कुशवाहा के आवेदन पर वार्ड पार्षद पुरनचंद जायसवाल एवं करण जायसवाल के खिलाफ धारा 294, 506, 323, 186, 332, 353 एवं 34 के तहत मामला कायम किया गया जबकि वार्ड पार्षद पुरन चंद जायसवाल के आवेदन पर जांच की जा रही है।



घटिया नाली निर्माण और अतिक्रमण के साथ दुर्गंध से परेशान हैं वार्डवासी 

वार्ड नंबर 4 में उक्त नाली वार्ड के निवासियों के लिए सर दर्द बना हुआ है। इस तरह मोहल्ले में रेस्टोरेंट का गंदा पानी ,जूठन इसी नाली में प्रवाहित होने से और नाली खुली होने से लगभग चार माह से तेज दुर्गंध करने से वार्ड वासी दिन-रात घरों में चैन से रह नहीं पा रहे हैं और रातों की नींद भी गायब है। लगातार कई बार वार्ड के निवासियों ने इस संबंध में नगर पंचायत के सभी अधिकारियों और तकनीकी अमले को सूचित किया था, किंतु कोई रूचि नहीं दिखाई गई थी।और इधर बार-बार दबाव से पार्षद भी आक्रोशित थे ।नगर पंचायत के ठेकेदार द्वारा धीमी गति से कार्य करने और पूर्व में भी घटिया नाली निर्माण से वार्ड के निवासी आक्रोशित थे और उन्होंने नगर पंचायत की व्यवस्था पर सवाल भी उठाए थे। राजपुर मुख्य मार्ग सहित कई  वार्डों  मार्ग में अवैध अतिक्रमण और नाली  पाट दिए जाने के कारण नगर पंचायत के अधिकारियों को भी जल प्रवाह और निकासी के लिए काफी में मशककत का सामना करना पड़ा। इधर सीएमओ राजेश कुशवाहा द्वारा नाली निर्माण की पहल की गई थी।राजनीतिक हस्तछेप के कारण भी कई बार नालियों की सफाई बाधित रही थी। इधर आम नागरिक हर वार्ड में गंदगी से और  दुर्गंधयुक्त गली में लोगों का आना-जाना बंद होने और मंदिर जाने वालों को परेशानी होने ,बाजार जाने वालों को परेशानी होने के कारण वार्ड 4 में गुजरी इस सड़क के किनारे नाली जी का जंजाल बनी हुई थी और कोई हल नहीं निकल पाने से यह अप्रिय स्थिति निर्मित हुई।


Samachar Vani news desk, ambikapur 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)