जनपद कार्यालय राजपुर में घुसकर ठेकेदार ने एसडीओ एवं इंजीनियर को पीटा, अपराध दर्ज

जनपद कार्यालय राजपुर में घुसकर ठेकेदार ने एसडीओ एवं इंजीनियर को पीटा, अपराध दर्ज

samacharvani.com
0

 




राजपुर (बलरामपुर) 

समाचारवाणी न्यूज़ 

बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद पंचायत कार्यालय में घुसकर ठेकेदार ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ एवं इंजीनियर को कार्यालय में घुसकर जमकर पीटा है।। ठेकेदार अपने दो साथियों के साथ कार्यालय में पहुंचा था। उसने कार्यालय में हंगामा मचाते हुए फाइलों को भी फाड़ दिया। आक्रोशित जनपद कर्मियों ने भी ठेकेदार व साथियों के साथ मारपीट कर दी। ठेकेदार व दो साथियों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर का ठेकेदार राजेश सिंह अपने दो साथियों के साथ गुरूवार शाम करीब 4 बजे पुलिसकर्मियों द्वारा उपयोग किया जाने वाला डंडा लेकर जनपद कार्यालय में घुसा। राजेश सिंह ने गालीगलौज करते हुए आरईएस के एसडीओ धमेंद्र गुप्ता की पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव करने आए सब इंजीनियर सुनील टोप्पो को भी ठेकेदार राजेश सिंह एवं साथियों ने पीट दिया। ठेकेदार ने कार्यालय में रखे फाइलों को भी फाड़ दिया।

घंटेभर हंगामा, ठेकेदार व साथियों से भी मारपीट

 मारपीट की घटना से जनपद कार्यालय में हंगामें की स्थिति बन गई। सभी कर्मचारी दफ्तर से बाहर निकल आए एवं जनपद कार्यालय का दरवाजा बंद कर ठेकेदार राजेश सिंह एवं साथियों की भी पिटाई कर दी। बताया जाता है कि मामले की सूचना राजपुर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। एसडीओ धर्मेन्द्र गुप्ता, सब इंजीनियर सुनील टोप्पो सहित जनपद के कर्मचारी एवं वहां मौजूद राजपुर विकासखण्ड के कई सरपंच, सचिव थाने पहुंचे एवं थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान जनपद सदस्य नीरज तिवारी एवं राजपुर के नागरिक भी अधिकारियों के समर्थन में राजपुर पुलिस थाना पहुंचे और तत्काल कार्यवाही की मांग की।राजपुर पुलिस ने ठेकेदार राजेश सिंह एवं साथियों का मुलाहिजा कराया। चोट के कारण राजेश सिंह को जांच के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल भेज दिया गया है।


  विवाद का मामला क्या था 

 इंजीनियर सुनील टोप्पो ने बताया कि बलरामपुर के ठेकेदार राजेश सिंह के द्वारा 50 सीटर हॉस्टल बिल्डिंग का निर्माण गोपालपुर में कराया जा रहा है। इसे पिछले साल ही हैंडओव्हर करना था, लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। ठेकेदार द्वारा कराए गए कार्य से अधिक मूल्यांकन का दबाव डाला जा रहा था, जिसे अधिकारियों ने करने से मना कर दिया था। इसे लेकर ठेकेदार ने धमकी दी थी और चेक काटने की बात कहते जनपद कार्यालय में घुसकर मारपीट की।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज़ की 

आज एसडीओ और इंजीनियर की रिपोर्ट पर मामले में राजपुर पुलिस ने ठेकेदार राजेश सिंह एवं दो साथियों के खिलाफ सब इंजीनियर सुनील टोप्पो की रिपोर्ट पर धारा 294, 506, 323, 353, 332, 186, 34 एवं एक्ट्रोसिटी एक्ट की धारा 3 (1) (2) के तहत अपराध दर्ज किया है।


प्रदेश युवक कांग्रेस सचिव ने एसपी बलरामपुर को लिखा पत्र

राजपुर के जनपद सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस युवा कांग्रेस सचिव नीरज तिवारी ने पुलिस अधीक्षक बलरामपुर को ज्ञापन सौंप कर राजपुर में बढ़ रहे अपराधों और अपराधियों के हौसले बुलंद होने और पुलिस द्वारा कार्यवाही न किए जाने के विरोध में आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि राजपुर में पिछले कुछ दिनों से कई चोरी की घटनाएं हुई है इसके साथ ही कोयला चोरी डाबो दुकानों में अवैध शराब बिक्री नशीले पदार्थों की बिक्री और मारपीट की कई घटनाएं हुई है लेकिन राजपुर पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रही है। इससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है। युवा नेता नीरज तिवारी ने बलरामपुर जिले में बढ़ रहे अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राजपुर में सक्षम पुलिस अधिकारी की नियुक्ति कर क्षेत्र में बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाना जनहित में आवश्यक है।

 राजपुर पुलिस की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में है आरोपियों के पास पुलिस की लाठी से मारपीट करना भी दर्शाता है कि किसी पुलिस वाले की संलिप्तता इस मामले में है ।बहरहाल राजपुर के नागरिकों ने समवेत सब स्वर में सभी अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था की स्थिति बहाल करने का निवेदन किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)