बारिश शुरू होते ही सरगुजा अंचल की पहाड़ियां, जंगल और खूबसूरत हो जाते हैं। छत्तीसगढ का ये उत्तरी इलाका नैसर्गिक सौंदर्य और समृद्ध विरासत, संस्कृति, परंपरा, शिल्प को समेटे हुए है.
अंबिकापुर (सरगुजा)
समाचारवाणी
छत्तीसगढ के सरगुजा संभाग की बारिश का अपना ही एक अलग आनंद है। जब मानसून के बादल घने हो जाते हैं और बारिश की बूँदें धरती पर गिरती हैं, तो हरियाली और भी खिल उठती है। यहाँ के पहाड़, नदियाँ और हरियाली भरे जंगल का संगम एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करता है। गीली मिट्टी की खुशबू, ठंडी हवाएँ और चारों ओर बिखरी हुई हरियाली मन को शांति और ताजगी से भर देती है। मैनपाट और पहाड़ों में बारिश का मौसम सचमुच किसी जन्नत से कम नहीं है।
सरगुजा
सरगुजा संभाग के सरगुजा, जशपुर,बलरामपुर, कोरिया, एमसीबी ज़िले मनोरम पर्यटक स्थलों, घने जंगलों, झरने, नदियों से समृद्ध है। सेमरसोत अभ्यारण्य बलरामपुर, संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान कोरिया, तेमोर पिंगला अभ्यारण्य, वन्य जीवन और जैव विविधता से परिपूर्ण हैं।अंबिकापुर के पास मैनपाट छत्तीसगढ़ के खूबसूरत हिल स्टेशन में से एक है, जहां आपको कुदरत की खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं। यहां आपको नदियां गुफाएं झरने देखने को मिलते हैं। इस जगह का ज्यादातर हिस्सा हरे जंगलों से ढका हुआ है। सरगुजा में मौजूद झरने लोगों के लिए पिकनिक स्पॉट हैं, इसके साथ ही यहां जोगी मारा की गुफाएं और रामगिरी पर्वत सैलानियों को बहुत पसंद आता है। डीपाडीह, महेशपुर, देवगढ़,अर्जुनगढ़, कोठीपत्थर, बेलसर, जैसी पुरातात्विक स्थल और ऐतिहासिक स्मारक, समृद्ध विरासत और संस्कृति अनूठी जीवन शैली अनुपम है, वहीं महामाया मंदिर अंबिकापुर,कुदरगढ़ धाम,बचराजकुंवर, राजपुर और चलगली महामाया मंदिर, देवगढ़, चांग देवी मंदिर, कैलाश गुफ़ा, लमगांव हनुमान मंदिर, तातापानी जैसे कई प्राचीन धार्मिक स्थल मौजूद हैं।
मैनपाट, बारिश का अद्भुत दृश्य देखने लायक हिल स्टेशन
मैनपाट सरगुजा जिले में मौजूद एक हिल स्टेशन है जिसे मिनी तिब्बत कहा जाता है क्योंकि यहां पर रहने कई तिब्बती रिफ्यूजी कैंप और बौद्ध मंदिर हैं। इसे छत्तीसगढ़ का शिमला और स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। तो अगर आप छत्तीसगढ़ में हिल स्टेशन घूमना चाहते हैं तो यह जगह जन्नत से कम नहीं है। मैनपाट वर्षा काल में बहुत खूबसूरत हो जाता है। बादल रुई के फाहे की तरह आपके शरीर से चिपकते हैं और आपको भीगा देते हैं। यहां बारिश होने पर जंगल और रास्ते सफेद धुंध से और खूबसूरत हो जाते हैं। यहां परपटिया सनसेट प्वाइंट और मेहता प्वाइंट से दूर पहाड़ों तक बादलों का अद्भुत दृश्य दिखाई देता है। यहां टाइगर प्वाइंट, फिश प्वाइंट, स्नैक प्वाइंट, जैसे खूबसूरत झरने सैलानियों को आकर्षित करते हैं। पर्यटन विभाग द्वारा यहां कर्मा, शैला एथनिक रिसॉर्ट, तिब्बती आध्यात्मिक ज्ञान केंद्र, कई होटल और रिसॉर्ट हैं। मैनपाट में उल्टा पानी, बाउंसिंग लैंड, के साथ हर ओर खूबसूरती बिखरी हुई है। यहां जंगल, खेत, हरे मैदान, समृद्ध जैव विविधता, आदिवासी संस्कृति, के साथ देखने लायक बहुत कुछ अनूठा सा है..
क बहुत कुछ है। बारिश में मैनपाट में अलौकिक सौंदर्य और आनंद की अनुभूति होती है इसलिए इस बारिश में मैनपाट एक आर्कषक टूरिस्ट स्पॉट और हिल स्टेशन के रूप में पर्यटकों, स्थानीय लोगों को आकर्षित कर रहा है।
तस्वीरों में मैनपाट























