सूरजपुर जिले में ओडगी ब्लॉक के चिकनी गांव में हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के लिए महान नदी पर बना बांध तकनीकी खराबी के कारण आफ़त की बारिश में मुश्किल पैदा कर चुका है। मूसलाधार बारिश से बांध लबालब हो गया और पानी ओवरफ्लो होकर बहने लगा। गेट नहीं खुलने से अब बांध खतरे में। अब प्रशासन द्वारा सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं।
सूरजपुर (समाचारवाणी)
ओड़गी क्षेत्र में मंगलवार की रात से ही रुक रुक कर तेज बारिश हो रही थी। पर गुरुवार की शाम से जो मूसलाधार बारिश शुरू हुई वह बादलों की गड़गड़ाहट के साथ चौबीस घंटे से भी अधिक समय से अनवरत जारी है। इस अनवरत हो रही बारिश ने शुक्रवार को ओड़गी विकासखंड के चिकनी गांव में स्थित हाइड्रो पावर प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया।
चिकनी पावर प्लांट के पास स्थित बांध पर खतरा मंडरा रहा है।तकनीकी खराबी से नहीं खुल रहे नौ गेट, ऊपर से बह रहे पानी ने विहंगम दृश्य उत्पन्न कर दिया है।
लगातार हो रहे बारिश से हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के बंद बांध से पानी ओवरफ्लो होकर बहने से और खतरे की निशान से ऊपर पानी के जाने से आसपास के 12 गांव में डूब का खतरा मंडरा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन, एनडीआरएफ की टीम होमगार्ड पुलिस बल गोताखोर और प्रशासनिक अमला इस प्रभावित इलाकों में वहां के बाशिंदों को बाहर निकालने की कवायद में जुटा है, और बसों को लगाकर इन 12 ग्रामों के ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर स्कूल और आंगनबाड़ी के पक्के मकान में ठहरने की कार्यवाही तेज गति से जारी है।
सूरजपुर जिला कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर आपातकालीन सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, और जिला कंट्रोल रूम से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। तकनीकी खराबी के कारण इस बांध के एक गेट को खोला जा सका है जबकि नौ गेट अभी भी बंद है। ऐसे में अगर कल लगातार बारिश होती है तो बांध के टूटने का खतरा भी लोगों को चिंता में डाल रहा है। इधर मौसम विभाग ने 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी है ।इसको देखते हुए सभी गांव को आपातकालीन सुविधा देते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने का क्रम ज़ारी है। सूरजपुर जिला प्रशासन इस खतरे से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। आज हुए घनघोर बारिश के बाद में जल स्तर बढ़ने से इलाके के लोगों को चिंतित कर दिया है ,और सभी अपने परिवार के साथ सुरक्षित ठिकानों की ओर रवाना हो रहे हैं।
बलहीपानी गांव बना टापू, मुसीबत में फंसे हैं ग्रामीण
सूरजपुर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। लेकिन बलहीपानी गांव से ग्रामीणों को नहीं निकाला जा सका है। ये गांव चारों तरफ से पहाड़ी से घिरा हुआ इलाका है और आवागमन का रास्ता ये बांध ही है। बांध के विकराल रूप धारण करने से इससे आवागमन प्रारंभ नहीं हो सकता और इस गांव के परिवार फंसे हुए हैं। शेष बारह गांवों मे आपदा प्रबंधन दल ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर अस्थाई कैंप में ठहरा रहा है।
देखें इस बांध का वीडियो
Samachar Vani news desk, ambikapur


