अम्बिकापुर
(समाचारवाणी)
अंबिकापुर को हवाई यात्रा की सुविधा जल्द शुरू होने जा रही है। इससे सरगुजा संभाग के जिलों को महानगरों तक हवाई सेवा से जुड़ने से यहाँ के नागरिकों को विकास के साथ, पर्यटन,व्यापार,बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा सुविधा के नए अवसर मिलेंगे।उम्मीद है कि आगामी 26 सितंबर को इसके वर्चुअल उद्घाटन से अंचल को त्वरित हवाई सफ़र की सौगात मिलेगी। दरिमा एयरपोर्ट पर सभी आवश्यक तैयारियां प्रशासन द्वारा पूरी की जा रही हैं।सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज सरगुजा से बड़े शहरों को जोड़े जाने हेतु अधिकारीयों से लगातार संवाद कर रहे हैं।सरगुजा के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि भी आवश्यक सुविधा हेतु पहल करते रहे हैं।
सरगुजा जिले के दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट से रायपुर तक की हवाई सेवा 26 सितंबर से शुरू हो सकती है। इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अंबिकापुर और रायपुर एयरपोर्ट पर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘उड़ान 4.2’ योजना के तहत चार राज्यों में हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे।
पिछले मंगलवार को ही एलायंस एयर ने दरिमा एयरपोर्ट पर 72 सीटर विमान का सफल ट्रायल रन किया था। इसके साथ ही अंबिकापुर-रायपुर हवाई सेवा की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। उड़ान 4.2 के तहत फ्लाई बिग कंपनी को अंबिकापुर से रायपुर और बिलासपुर के लिए हवाई सेवाओं का संचालन सौंपा गया है। फ्लाई बिग 19 सीटर विमानों का संचालन करेगी, जिससे छोटे शहरों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। मां महामाया एयरपोर्ट, सरगुजा के मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर स्थित है। इसका उन्नयन 47 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसमें 1920 मीटर लंबे एयर स्ट्रिप और 1800 मीटर के मुख्य रनवे का निर्माण हुआ है। एलायंस एयर ने यहां 72 सीटर विमान का ट्रायल रन पूरा कर लिया है और रिपोर्ट DGCA को भेजी गई है। डीजीसीए की मंजूरी के बाद जल्द ही हवाई सेवाएं शुरू हो सकती हैं।
रायपुर-वाराणसी-दिल्ली तक कनेक्ट होने की उम्मीद
पूर्व डिप्टी मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने एलायंस एयर के अधिकारियों से अंबिकापुर को हवाई नेटवर्क से जल्द जोड़ने का आग्रह किया है । उन्होंने रायपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी तक की सेवा शुरू करने का सुझाव दिया, जिससे अंबिकापुर को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ा जा सके। उड़ान 4.2 योजना के तहत जो सीटें खाली रह जाएंगी, उनकी लागत का भुगतान राज्य सरकारें करेंगी, जिससे विमानन कंपनियों को नुकसान नहीं होगा। फ्लाई बिग वर्तमान में पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में छोटी घरेलू सेवाएं संचालित कर रही है और अब छत्तीसगढ़ में अपनी सेवाएं शुरू करने जा रही है।
अंबिकापुर को दिल्ली, कोलकाता, रांची,हैदराबाद, चेन्नई और मुंबई जैसे बड़े शहरों से जोड़ने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। एलायंस एयर फिलहाल 57 शहरों में 137 घरेलू उड़ानें संचालित कर रही है और इसके नेटवर्क का विस्तार करने पर काम कर रही है।
दरिमा एयरपोर्ट पर यात्री सुविधा, ट्रांसपोर्ट, सुरक्षा, पार्किंग, सहित सभी तकनीकी पहलू पर तैयारी की जा रही है।



