राजमिस्त्री संदीप हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

राजमिस्त्री संदीप हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

samacharvani.com
0

 












अम्बिकापुर

(समाचारवाणी) 

सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में राजमिस्त्री संदीप लकड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी ठेकेदार अभिषेक पांडेय आज सोमवार को आत्मसमर्पण करने के लिए अंबिकापुर कोर्ट पहुंचा था। सूचना पर सरगुजा पुलिस ने कोर्ट पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभिषेक से पूछताछ कर मामले की जानकारी ले रही है.

सीतापुर थाना क्षेत्र के उलकिया से 3 महीने से लापता संदीप लकड़ा की लाश 06 सितंबर को मैनपाट में पानी की टंकी की नींव में दफन मिली थी। पुलिस ने पानी टंकी को ढहाकर और जेसीबी से खुदाई कर 15 फीट नीचे शव बरामद किया था। पुलिस ने मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तार की है। मुख्य आरोपी अभिषेक पर आईजी ने 30 हजार व एसपी ने 10 हजार व सर्व आदिवासी समाज ने पांच लाख का इनाम घोषित किया था।आरोपी अभिषेक पांडेय 06 सितंबर को संदीप लकड़ा का शव मिलने के बाद बिलासपुर से अंबिकापुर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। सरगुजा पुलिस ने उसके सारे बैंक एकाउंट को सीज कर दिया था। इसके साथ ही परिवारजनों, दोस्तों एवं परिजनों के फोन को पुलिस ने सर्विलांस पर डाल रखा था।

अभिषेक पांडेय किसी से संपर्क नहीं कर रहा था, इस कारण उसका लोकेशन पुलिस को नहीं मिल पा रहा था। इस बीच अभिषेक पांडेय के पिता के फोन पर नेपाल से कॉल आया था, अभिषेक पांडेय का पुलिस को अलग-अलग लोकेशन मिल रहा था। इस बीच पुलिस को उसके सूरजपुर निवासी एक जेसीबी संचालक से नियमित संपर्क में होने की जानकारी मिली तो पुलिस ने उसे भी उठा लिया था। लगातार बढ़ रहे दबाव के बीच अभिषेक सोमवार को अंबिकापुर कोर्ट पहुंचा था। यहां उसके आने की सूचना पुलिस को दी गई। सरगुजा पुलिस ने उसे कब्जे में लिया एवं साथ लेकर साइबर सेल गई है। पुलिस उससे हत्याकांड सहित फरार होने को लेकर पूछताछ करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)