राजपुर कुसमी मार्ग पर लडुआ ग्राम में स्कार्पियो तालाब में घुसी, बालिका, महिला समेत 6 की दर्दनाक मौत.
अंबिकापुर
(समाचारवाणी)
बलरामपुर जिले से सड़क दुर्घटना में 6 लोगों के मौत की खबर आ रही है और चालक की गंभीर स्थिति में चिकित्सा राजपुर चिकित्सालय में की जा रही है.घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार आज रात 8:30 बजे कुसमी अंबिकापुर मार्ग पर राजपुर बूढ़ा बगीचा से पहले लडुआ ग्राम में धर्म कांटा के पास शंकरगढ़ की ओर से आ रही स्कार्पियो वाहन तेज रफ्तार में एक डबरी में जा गिरी.
वाहन सड़क पर पलटती हुई एक डाबरी में घुस जाने से एक बच्ची एवं महिला सहित छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और गंभीर अवस्था में चालक को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस ने जेसीबी की सहायता से स्कॉर्पियो को डबरी से बाहर निकाला और उसमें फंसे छह लोगों को बाहर निकाल कर चालक सहित अस्पताल भिजवाया.
बताया जाता है कि शराब का सेवन एवं तेज गति से वाहन चलाने के कारण यह दुर्घटना घटित हुई.मृतक के परिवार कुसमी के लारीमा के बताए जाते हैं. राजपुर कुसमी मार्ग पर लडुआ ग्राम के पास हुए इस भीषण सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की मौत होने से इलाके में मातम पसर गया है. अभी घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी नहीं मिल सकी है. राजपुर पुलिस कार्यवाही कर रही है. यह दुर्घटना कैसे हुई इस का पता लगाया जा रहा है.राजपुर पुलिस द्वारा परिजनों को सूचित किया जा रहा है. लडुआ के पास एक ओर दुकान बनी है और दूसरे तरफ तालाब और धान के खेत हैं.इधर कई स्थानों पर नाली निर्माण अधूरा छोड़ जाने से सड़क पर ही निर्माण सामग्री बिखरे होने के कारण भी कई दुर्घटनाएं पूर्व में घटित हो चुकी हैं.


