रिश्वत में 15 हज़ार लेते पटवारी गिरफ्तार

रिश्वत में 15 हज़ार लेते पटवारी गिरफ्तार

samacharvani.com
0


शंकरगढ़ (बलरामपुर)

(समाचारवाणी)

बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ के तहसील कार्यालय में पटवारी को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पिछले दिनों राजपुर में रिश्वत लेते एक पटवारी पर कार्यवाही हुई थी।

 विनायकपुर के ज़मीन के सीमांकन के लिए भू-स्वामी से पटवारी ने 20 हजार रुपए मांगा था। इस सौदा में एक अन्य पटवारी की भूमिका की जांच की जा रही है। 20 हज़ार मांग के बाद  सीमांकन सौदा 15 हजार रुपए में तय होने के बाद आरोपी ने भू स्वामी को कार्यालय बुलाया था, शिकायत पर सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पटवारी को रंगे हाथों पकड़ा है । टीम मामले की जांच कर रही है।



जानकारी के मुताबिक, शंकरगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम विनायकपुर निवासी राजेश यादव ने अपनी जमीन के सीमांकन के लिए एक वर्ष पूर्व आवेदन किया था। सीमांकन के लिए दोहना पटवारी हलका के पटवारी महेंद्र कुजूर ने 20 हजार रुपए की मांग की थी, जबकि दोहना पटवारी के क्षेत्र में विनायकपुर नहीं आता है। उसकी दोस्ती विनायकपुर के पटवारी से है। बार-बार पैसे मांगे जाने एवं जमीन का सीमांकन नहीं होने से परेशान राजेश यादव ने इसकी शिकायत सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में की थी। सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर कार्रवाई के लिए योजना बनाई।

तहसील कार्यालय में रिश्वत लेते पकड़ा गया पटवारी पटवारी महेंद्र कुजूर ने शिकायतकर्ता राजेश यादव को रिश्वत की रकम लेकर तहसील कार्यालय शंकगरढ़ बुलाया था। योजना के अनुसार एसीबी सरगुजा की टीम टीआई शरद सिंह के नेतृत्व में शंकरगढ़ तहसील कार्यालय पहुंची। राजेश यादव ने जैसे ही रिश्वत की रकम पटवारी को सौंपी, एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया। पटवारी के पास से रिश्वत की रकम जब्त कर लिया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पटवारी को गिरफ्तार कर लिया है।

विनायकपुर क्षेत्र का पटवारी रिश्वत लेने के दौरान उपस्थित नहीं था, जिसके कारण वह बच गया। राजेश यादव ने बताया कि उससे सीमांकन के लिए रिश्वत की मांग महेंद्र कुजूर द्वारा ही की जा रही थी, और उसकी जमीन का सीमांकन नहीं किया जा रहा था। दोनों की मिलीभगत इसमें थी। टीम पटवारी को लेकर शंकरगढ़ रेस्ट हाउस पहुंची, जहां आरोपी पटवारी से पूछताछ की जा रही है। पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।


(Samachar vani news, ambikapur) 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)