किराना लोड लेकर कुसमी जा रही आयशर गागर नदी में पलटी, चालक सहित यात्री सुरक्षित

किराना लोड लेकर कुसमी जा रही आयशर गागर नदी में पलटी, चालक सहित यात्री सुरक्षित

samacharvani.com
0


किराना लोड लेकर कुसमी जा रही आयशर गागर नदी में पलटी, दो घंटे आवागमन रहा अवरुद्ध, बरियों पुलिस ने शुरू कराया मार्ग.



अंबिकापुर

(समाचारवाणी)

अंबिकापुर की ओर से किराना समान लेकर कुसमी जा रही आयशर मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 15 सी.के 4099 आज सुबह लगभग सात बजे के करीब लगातार तेज हो रही वर्षा और खराब सड़क की वजह से अनियंत्रित होकर  राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर गागर नदी में जा गिरी वहीं मौके पर पहुंचे स्थानीय जनों के सहयोग से  बरियों पुलिस ने मिनी ट्रक चालक के साथ ट्रक में सवार नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया है। उक्त ट्रक कुसमी निवासी मोहन गुप्ता पिता प्रेम गुप्ता की बताई जा रही है।

ज्ञात हो कि राष्ट्रीय राज्य मार्ग के दुर्दशा के कारण लगातार मार्ग में हादसे हो रहें हैं वहीं इन सब हादसों के बीच राष्ट्रीय राज्य मार्ग के जिम्मेदार अधिकारी मौन धारण कर बैठे हुए हैं।






राष्ट्रीय राजमार्ग हुआ जानलेवा, गागर, गेउर पुल के टूटने का बढ़ा ख़तरा 

 छत्तीसगढ़ को झारखंड से जोड़ने वाला यह नेशनल हाईवे 343 कुसमी से रांची को भी जोड़ता है।जशपुर की ओर जाने वाली यह प्रमुख सड़क है, वही बलरामपुर जिला मुख्यालय, रामानुजगंज होकर झारखंड और उत्तर प्रदेश जाने के लिए भी यह प्रमुख सड़क के रूप में वर्षों से उपयोग में लाई जाती रही है। इस वर्ष जिम्मेदार विभाग की उपेक्षा और अनदेखी से इस मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं जिन पर कोई मरम्मत नहीं होने से अब वह खतरनाक तरीके से प्रतिदिन गंभीर दुर्घटनाओं को जन्म दे रहे हैं।इस मार्ग में छात्र-छात्राओं सहित पैदल चलने वाले राहगीरों के साथ बाइक स्कूटी और कारों से जाने वाले लोगों का भी आना-जाना अब मुश्किल हो गया है। इस मार्ग में मरम्मत के नाम पर कई बार ठेकेदारों को पैसा दिया गया,लेकिन मार्ग मरम्मत भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। राजपुर में युवा कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भी कई बार राष्ट्रीय राजमार्ग के सुधार हेतु आंदोलन प्रदर्शन कर चुकी है। जनप्रतिनिधियों ने कई बार जिला प्रशासन और सरकार के नुमाइंदों को इस जर्जर सड़क की खबर दी है, लेकिन सरगुजा बलरामपुर के बीच की महत्वपूर्ण सड़क इन दोनों जोखिम भरी यात्रा के लिए जानी जा रही है। इस मार्ग में सफर कर सही सलामत वापस घर लौटाना भी अब मुश्किल होता जा रहा है।






एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)