राजपुर (बलरामपुर)
(समाचारवाणी)
बलरामपुर जिले के बरियों चौकी अंतर्गत निवासी पहाड़ी कोरवा युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में फरार एक और आरोपी को बरियों पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। इस मामले में कुल 7 आरोपियों में अब तक 3 की गिरफ्तारी हो चुकी है। अभी भी 4 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। दरअसल भेसकी गांव में मृतक पहाड़ी कोरवा की जमीन को आरोपियों ने धोखाधड़ी और दस्तावेजों में कूटरचना कर अपने नाम करा ली थी।
राजपुर थाना क्षेत्र के बरियों चौकी अंतर्गत ग्राम भेस्की निवासी पहाड़ी कोरवा भइरा ने 22 अप्रैल को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच में यह बात सामने आई थी कि धोखाधड़ी व कूटरचना कर 7 आरोपियों ने उसकी पत्नी से तहसील में हस्ताक्षर कराकर बेशकीमती जमीन अपने नाम करा ली है।
इसके अलावा आरोपियों द्वारा उसे लगातार धमकी दी दी जा रही थी। इस प्रताडऩा से त्रस्त आकर उसने ये कदम उठाया था। इस मामले में पुलिस ने धारा 108, 3 (5) बीएनएस 3 (2) (5) एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने पूर्व में 2 आरोपी दिलीप तिग्गा एवं पिन्टू उर्फ चतुर्गुण यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि 5 आरोपी फरार चल रहे थे।
इसी बीच पुलिस ने मामले में शामिल तीसरे आरोपी ग्राम बरियों के मंदिरपारा निवासी सुदामा उर्फ बाबूलाल श्रीवास्तव पिता मोहित लाल श्रीवास्तव 46 वर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया है। वह झारखंड के पलामू जिले के पाकी थाना अंतर्गत ग्राम सहजनवा में छिपा हुआ था।
बलरामपुर पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर के निर्देश पर चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह एवं बरियों पुलिस टीम ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए मामले के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य आरोपियों की सक्रियता से तलाश की जा रही है।


