बलरामपुर (राजपुर)
(समाचारवाणी)
राजपुर कृषि उपज मंडी प्रांगण में धान खरीदी केंद्र में टोकन घटा बंद होने के बाद आज बड़ी संख्याओं में किसानों ने एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने और वास्तविक किसानों के टोकन कटवाने और तत्काल धान खरीदी की मांग की और कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो 3 दिन के बाद हमें आंदोलन करने को बाध्य होंगे प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि धान खरीदी प्रभारी द्वारा सिर्फ बिचौलियों का धान खरीदा जा रहा है और उनका टोकन काटा जा रहा है जबकि वास्तविक किसान भटकने के लिए मजबूर है।
राजपुर धान खरीदी केंद्र में लगभग 2000 से अधिक किसानों का पंजीयन है और अभी तक सिर्फ 40 फीसदी ही किसान धान बेच पाए हैं। पहले यहां 2000 क्विंटल प्रतिदिन धान की खरीदी की लिमिट थी बाद में किसानों के आंदोलन के बाद 800 प्रति क्विंटल की लिमिट बढ़ाई गई लेकिन बावजूद उसके किसानों का टोकन कटना आसान नहीं हुआ। किसानों का आरोप है कि यहां बिचौलियों का टोकन काटा जा रहा है और जो वास्तविक किसान है,वह सिर्फ चक्कर काट रहे हैं।
किसानों ने अपना दुख बताते हुए कहा कि स्थिति यह हो गई है कि 31 जनवरी तक ही धान बेचने की आखिरी तारीख है और यहां लिमिट फुल हो चुका है। अब एक भी स्लॉट खाली नहीं है और सैकड़ो की संख्या में किसान धान बेचने के लिए बचे हुए हैं। किसानों का कहना है की कर्ज से वह लदे हुए हैं अगर धान की बिक्री नहीं हुई तो फांसी लगाने के अलावा उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है। किसानों ने इस संबंध में एसडीएम को आवेदन देकर 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है और कहा कि अगर उनका टोकन नहीं कटता है तो वह आंदोलन और चक्का जाम करेंगे।


