सीतापुर (अंबिकापुर )
(समाचारवाणी)
विधानसभा बजट सत्र के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने शिक्षा,युवाओं, वनाश्रित परिवारों एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर शासन का ध्यान आकर्षित किया।प्रश्न काल में विधायक श्री टोप्पो ने स्कूली शिक्षा मंत्री से सीतापुर क्षेत्र के प्राथमिक माध्यमिक हाई स्कूल हायर सेकेंडरी विद्यालयों में शौचालयों की स्थिति एवं उनके निर्माण हेतु कार्य योजना की जानकारी तथा साक्षरता सर्वे के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक वार साक्षरता दर की जानकारी मांगी उन्होंने क्षेत्र के युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं के भविष्य से जुड़े प्रश्नों को प्रमुखता से उठाया और पंचायत स्तर पर उपलब्ध खेल मैदानों के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी।
उन्होंने एक अन्य प्रश्न में वन मंत्री से वर्ष 2023 से 2025 तक वनोपज संग्रहण की स्थिति और संग्रहण करने वाले हितग्राहियों को किए गए भुगतान का विस्तृत विवरण भी मांगा,और वनाश्रित आदिवासी परिवारों की आजीविका, वनोपज पर निर्भर होने का उल्लेख करते हुए भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं समय बद्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने वर्ष 2022 से 2025 तक वनों की अवैध कटाई, लकड़ी परिवहन, एवं दर्ज प्रकरणों की जानकारी मांगते हुए अवैध कटाई रोकने के लिए वन विभाग द्वारा उठाए गए कदमों एवं निगरानी व्यवस्था पर भी जवाब मांगा।


