कुसमी (बलरामपुर) | समाचारवाणी न्यूज़
बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड में अवैध अफीम की खेती का दूसरा मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। कुसमी से लगभग 18 किलोमीटर दूर करोंधा थाना क्षेत्र के खजूरी ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम तुर्कीपानी में जंगल किनारे करीब डेढ़ एकड़ कृषि भूमि पर अफीम की अवैध खेती का खुलासा हुआ है।
जिले में लगातार दूसरा मामला सामने आने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस ने खजूरी पंचायत के तुर्कीपानी गांव में फोर्स तैनात कर दी है और पूरी रात पुलिस सुरक्षा में फसल को सुरक्षित रखा गया है। आज जिला प्रशासन, पुलिस के साथ एफएसएल और एनसीबी की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करेगी तथा संबंधित किसानों से पूछताछ की जाएगी।
जांच दल के साथ पहुंचे पूर्व सामरी विधायक
कुसमी में अवैध अफीम खेती के दूसरे मामले के उजागर होने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जांच दल के साथ सामरी, लुंडरा के पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम खजूरी ग्राम पंचायत पहुंचे, और स्थानीय लोगों से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली।
दो दिन पहले त्रिपुरी में मिला था बड़ा मामला
गौरतलब है कि दो दिन पहले कुसमी ब्लॉक के त्रिपुरी ग्राम पंचायत में लगभग 5 एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया था। कार्रवाई के दौरान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), जिला प्रशासन, पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर फसल के नमूने लिए और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खड़ी फसल को उखाड़कर जब्त किया गया था।
पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। इसके बाद कांग्रेस के जांच दल ने भी त्रिपुरी गांव का दौरा कर अवैध खेती की पुष्टि की थी।
सीमावर्ती जंगलों में झारखण्ड के रैकेट की आशंका
खजूरी ग्राम पंचायत का तुर्कीपानी गांव झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा के पास घने जंगलों में स्थित है, जहां आम लोगों की आवाजाही कम होती है। ऐसे में लगातार दो स्थानों पर अवैध खेती मिलने से नशे के कारोबार से जुड़े बड़े रैकेट की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने संभावित आरोपियों की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।
बड़ी मात्रा में फसल जब्त
सूत्रों के अनुसार कुसमी क्षेत्र में करीब 3 एकड़ 67 डिसमिल जमीन पर अफीम की खेती पाई गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खड़ी फसल को 354 बोरों में भरवाया, जबकि मौके से पांच बोरा सूखा डोडा भी बरामद हुआ, जिसमें पोस्ता दाना भरा हुआ था।
डोडों पर पांच से छह चीरे लगे हुए पाए गए, जिनसे अफीम निकाली गई थी। इसके अलावा खेत से करीब दो किलो अफीम लेटेक्स भी बरामद हुआ, जिसे डोडों से एकत्र किया गया था।
हालांकि बरामदगी को लेकर बलरामपुर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन जब्त अफीम और फसल की कीमत लाखों रुपये में होने का अनुमान लगाया जा रहा है।



