- 3.67 एकड़ में जब्त की गई अफीम की खेती
- राजस्व, पुलिस एवं वन विभाग द्वारा जिले के संपूर्ण क्षेत्र में सघन जांच अभियान जारी.
कुसमी, बलरामपुर। समाचारवाणी न्यूज़
कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने जानकारी दी है कि जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिपुरी गांव में 10 मार्च 2026 को मुखबिर से अफीम की खेती की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर अवैध अफीम की खेती को कब्जे में लेकर भूमि का सीमांकन किया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि 1.488 हेक्टेयर(3.67 एकड़) में खेती की जा रही थी, जिसके रिकार्ड का अवलोकन किया गया। जिसमें डीसीएस सर्वे में उक्त भूमि पड़ती के रूप में दर्ज है। सामान्यतः उक्त भूमि पर खेती नहीं होने के कारण रबी की गिरदावरी नहीं की गई है। प्रशासन, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम के द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की उपस्थिति में एनडीपीएस के प्रावधानों के तहत परीक्षण कर जब्ती की कार्यवाही की गई। जिसमें पाया गया कि आधे भरे हुए 2 डब्बे अफीम का लासा, 4 बोरी से अधिक अफीम के सूखे फूल एवं अफीम के जड़, तना, पत्ती, फूल सहित पौधे जिनको उखाड़ कर तौला गया, जिसमें 43 क्विंटल से अधिक बरामद किये गये,जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 4 करोड़ 75 लाख रुपये है। उक्त अफीम की खेती पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।
कलेक्टर श्री कटारा ने बताया कि जिले में राजस्व, पुलिस प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले की सीमावर्ती क्षेत्रों सहित जिले की समस्त भूमि का चिन्हांकन कर विधिवत सघन जांच करते हुए गहन परीक्षण किया जा रहा है। यदि किसी भूमि पर अफीम की खेती पाये जाने पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर श्री कटारा ने आमजनों से अपील की है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में अफीम या मादक पदार्थों के खेती की जानकारी मिलती है तो तत्काल जिला एवं पुलिस प्रशासन को सूचना दें, जिस पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा है कि सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।
(Samachar vani news, ambikapur)




